कोल्हान

सरायकेला-खरसावाँ में अफीम की अवैध खेती रोकने के लिए प्री-कल्टीवेशन ड्राइव जारी

सरायकेला-खरसावाँ में अफीम की अवैध खेती रोकने के लिए प्री-कल्टीवेशन ड्राइव जारी

सरायकेला : सरायकेला-खरसावाँ पुलिस द्वारा वर्तमान फ़सलीय वर्ष में जिलेभर में अफीम की अवैध खेती की संभावना को समाप्त करने के उद्देश्य से प्री-कल्टीवेशन ड्राइव चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस विभिन्न माध्यमों से अवैध अफीम खेती की रोकथाम और वैकल्पिक कृषि को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चला रही है।

पिछले फसलीय वर्ष में जहां-जहां अफीम की खेती की गई थी, उन स्थानों का सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के दौरान पाया गया कि कई किसानों ने अफीम की जगह अन्य फसलों के लिए खेतों की जुताई कर ली है। वैकल्पिक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज, 18-11-25 को चौका थाना प्रभारी बजरंग महतो द्वारा चौका थाना क्षेत्र के सबसे सुदूर गांव मुटुदा में उच्च गुणवत्ता वाले चना, सरसों, गेहूं और मटर के बीज का वितरण किया गया।

इस कार्यक्रम में लगभग 450 किलोग्राम बीज का वितरण किया गया, जिससे किसान अफीम छोड़कर सब्जियों एवं अनाज की खेती कर सकें। बीज वितरण के दौरान 70 से 80 किसान परिवारों को लाभ दिया गया।

पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि वे अफीम की खेती का पूर्ण रूप से बहिष्कार करें और पारंपरिक सब्जियों एवं अनाजों की खेती को बढ़ावा दें।

चाईबासा में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘Unity March’ का शुभारंभ , भाजपा नेताओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी

चाईबासा में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘Unity March’ का शुभारंभ , भाजपा नेताओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी

चाईबासा : सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने पुरानी डीसी ऑफिस स्थित उनकी आदमकद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने ‘Sardar@150 Unity March’ का औपचारिक शुभारंभ किया।

इस एकता मार्च में भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। मार्च के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रभावना का संदेश दिया गया।

सांसद आदित्य साहू ने कहा कि “सरदार पटेल भारत की एकता के शिल्पकार थे। उनकी 150वीं जयंती युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने का अवसर है। यह Unity March नया, मजबूत और एकजुट भारत का संकल्प है।” उन्होंने बताया कि यह राष्ट्रीय अभियान MY Bharat, NSS, NCC और विभिन्न मंत्रालयों के सहयोग से पूरे देश में संचालित हो रहा है।

मार्च में चाईबासा के कई शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और युवा समूहों की सक्रिय भागीदारी रही। प्रमुख उपस्थितियों में गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रतिभा सिन्हा, डीपीएस के प्राचार्य डॉ. दीपेन्द्र प्रसाद साहू, डॉ. अर्पित सुमन, डॉ. हरीश, डॉ. मुकुल (एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी), जिला युवा अधिकारी अभिषेक आनंद और कार्यक्रम सहायक गिरीजनंद रत्नाकर शामिल थे।

वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता—पूर्व मंत्री बड़कुवर गागराई, पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, जिला अध्यक्ष संजय पांडेय तथा अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
चैंबर ऑफ कॉमर्स, रेड क्रॉस सोसाइटी, मारवाड़ी युवा मंच, हिंदू जागरण मंच, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सरदार पटेल के विचारों और प्रेरणा से जोड़ना तथा आगामी 26 नवंबर को होने वाले राष्ट्रीय आयोजन के लिए जनसंपर्क को मजबूत करना रहा।

जगन्नाथपुर–सेरेंगसिया मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक सवार पर्धान कुदादा की मौत, तीन घायल

जगन्नाथपुर–सेरेंगसिया मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक सवार पर्धान कुदादा की मौत, तीन घायल

पश्चिमी सिंहभूम :  किताहातु के पास बीती रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। घटना जगन्नाथपुर–सेरेंगसिया मुख्य मार्ग पर स्थित किताहातु गांव के पास हुई, जहां तीन मोटरसाइकिलों की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार पर्धान कुदादा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार तीन मोटरसाइकिलों की आपस में टक्कर हो गई और टक्कर के बाद एक बाइक सड़क किनारे गिर पड़ी, जिससे पर्धान कुदादा को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, जबकि घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

जल मीनार का विधायक दशरथ गागराई ने किया उद्घाटन

जल मीनार का विधायक दशरथ गागराई ने किया उद्घाटन

सरायकेला_खरसावाँ : गम्हारिया प्रखंड के ग्राम दुगनी, बड़ामथान में खरसावां विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री दशरथ गागराई ने अपने निजी फंड से निर्मित जल मीनार का मंगलवार को विधिवत उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय सदस्य सुधीर महतो, विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, सरायकेला प्रखंड उप प्रमुख बासुदेव महतो, जिला उपाध्यक्ष संजय प्रधान, गम्हारिया प्रखंड विधायक प्रतिनिधि पंकज प्रधान, गम्हारिया प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश महतो, सरायकेला प्रखंड अध्यक्ष भगत महतो, खरसावां प्रखंड अध्यक्ष अरुण जामुदा, लक्ष्मण महतो, मनसा टुडू, शैलेन्द्र महतो सहित पुलिस विभाग के वरीय अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

जल मीनार निर्माण से ग्रामवासियों को पेयजल सुविधा में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

पश्चिम सिंहभूम में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर बड़ा घोटाला उजागर, कृषि भूमि पर फर्जी निर्माण से करोड़ों का मुआवजा निकाला गया

पश्चिम सिंहभूम में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर बड़ा घोटाला उजागर, कृषि भूमि पर फर्जी निर्माण से करोड़ों का मुआवजा निकाला गया

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले में सड़क चौड़ीकरण परियोजनाओं के नाम पर बड़े पैमाने पर मुआवजा घोटाला, अवैध निर्माण और भू-अर्जन विभाग–दलाल गठजोड़ का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। एंटी करप्शन ऑफ इंडिया झारखंड प्रदेश अध्यक्ष रामहरि पेरियार ने उपायुक्त को विस्तृत शिकायत देकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, अधिसूचना जारी होने के बाद कई मार्गों—कुदाहतु–उसम्बीर, टोंटो–मंझारी, जोड़ापोखर–झींकपानी—पर रातों-रात एक जैसे डिजाइन के अस्थायी और सेडनुमा घर खड़े कर दिए गए। अधिकांश भूमि अब भी राजस्व रिकॉर्ड में कृषि भूमि के रूप में दर्ज है, फिर भी आवासीय मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

शिकायत में आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण विभाग और भू-अर्जन कार्यालय में 35–40% कमीशन लेकर फर्जी फाइलें पास की जा रही हैं। इससे न केवल सरकारी खजाने को नुकसान हुआ है, बल्कि कई ग्रामीणों की जमीन भी गलत तरीके से प्रभावित हुई है।

पेरियार ने कहा है कि कृषि भूमि पर बिना कन्वर्ज़न और बिना नक्शा स्वीकृति के निर्माण करना अवैध है, फिर भी इन्हीं संरचनाओं का हवाला देकर भारी मुआवजा निकाला जा रहा है। यह पूरी प्रक्रिया भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र संबंधी धाराओं के अंतर्गत गंभीर अपराध है।

उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि अधिसूचना के बाद बने सभी निर्माणों की पहचान कर हटाया जाए, फर्जी मुआवजों को रद्द किया जाए, संलिप्त अधिकारियों–दलालों पर FIR दर्ज हो, और पूरे मामले की जांच सतर्कता ब्यूरो या लोकायुक्त से कराई जाए। साथ ही मुआवजा सूची और भुगतान राशि को जिला वेबसाइट पर सार्वजनिक करने की मांग भी की गई है।

शिकायत के साथ कई स्थानों पर बने सेडनुमा घरों के GPS फोटो भी संलग्न किए गए हैं, जिन्हें शिकायत में घोटाले का प्रत्यक्ष प्रमाण बताया गया है।

मानकी मुण्डा संघ कोल्हान पोड़ाहाट समिति में पुनर्गठन अटका – आपात बैठक की जरूरत पर महासचिव चंदन होनहागा का बयान

मानकी मुण्डा संघ कोल्हान पोड़ाहाट समिति में पुनर्गठन अटका – आपात बैठक की जरूरत पर महासचिव चंदन होनहागा का बयान

पश्चिमी सिंहभूम : कोल्हान पोड़ाहाट क्षेत्र के सभी मानकी मुण्डा एवं डाकुवा समुदाय से संवाद करते हुए, मानकी मुण्डा संघ कोल्हान पोड़ाहाट केन्द्रीय समिति पश्चिमी सिंहभूम झारखंड के महासचिव चंदन होनहागा ने समिति के पुनर्गठन में आ रही परेशानियों पर चिंता व्यक्त की है।

उन्होंने बताया कि नवंबर माह की मासिक बैठक में उपस्थिति अत्यंत कम रही, जिसके कारण पुनर्गठन की तिथि तय करना संभव नहीं हो पाया। साथ ही पिछले तीन वर्षों से केंद्रीय कोषाध्यक्ष की ओर से हिसाब-किताब प्रस्तुत न किए जाने को भी एक बड़ी समस्या बताया।

महासचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि यह मुद्दा किसी व्यक्तिगत हित के लिए नहीं, बल्कि समूचे मानकी मुण्डा एवं डाकुवा समुदाय की सामूहिक जिम्मेदारी से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर पुनर्गठन हो जाता, तो कई नये चेहरे समिति में आते और काम को मजबूती मिलती।

आपातकालीन बैठक की जरूरत

चंदन होनहागा ने सुझाव दिया कि नवंबर माह में ही एक आपातकालीन बैठक आयोजित कर समाधान निकाला जाना चाहिए, अन्यथा स्थिति लगातार बिगड़ती जाएगी।

न्याय पंच को लेकर गंभीर टिप्पणी

समिति से जुड़े मानकी मुण्डा न्याय पंच को लेकर भी उन्होंने गंभीर टिप्पणियां कीं। उनका कहना है कि न्याय पंच समिति का ही हिस्सा होते हुए भी कई कार्यकर्ता स्वयं को अलग समझ रहे हैं, जो किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है।

महासचिव ने विधि सलाहकार श्री महेंद्र दोराईबुरू पर अत्यधिक हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए कहा कि

> “उन्हें अपने दायरे में रहकर कार्य करना चाहिए और न्याय पंच में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। इसी वजह से कई मानकी मुण्डा एवं डाकुवाओं को परेशानी हो रही है।”



उन्होंने मांग की कि —

1) वे बिना का मानकी मुण्डा न्याय के कार्यालय में भी न प्रवेश करें।


2. उन्हें एवं उनकी धर्म पत्नी को सलाहकार समिति से हटाया जाए, क्योंकि वे समिति की स्वीकृति से नहीं बल्कि स्वयं नियुक्त हुए हैं।



महासचिव ने यह भी आरोप लगाया कि उनके खिलाफ, उनके क्लाइंट के माध्यम से उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम व विधानसभा सचिवालय, रांची में भारी आरोप पत्र भेजा गया है, जो समिति की मर्यादा के विरुद्ध है।

अंत में उन्होंने कहा—
“अब आप ही सोचिए, ऐसे सलाहकार को समिति में जगह कैसे दी जा सकती है?”

और सभी सदस्यों को हार्दिक जोहार प्रेषित किया।

सरदार पटेल जयंती पर भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस, मंगलवार को चाईबासा में यूनिटी मार्च

सरदार पटेल जयंती पर भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस, मंगलवार को चाईबासा में यूनिटी मार्च

चाईबासा : सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, पश्चिमी सिंहभूम ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, जिला अध्यक्ष संजय पांडे, प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कूवर गागराई, पूर्व विधायक जवाहरलाल बांनरा और गुरु चरण नायक सहित कई नेता उपस्थित थे।

सांसद आदित्य साहू ने बताया कि सरदार पटेल की स्मृति में मंगलवार को चाईबासा में यूनिटी मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च सुबह 8 बजे पुरानी डीसी ऑफिस के पास स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा स्थल से शुरू होगा। उन्होंने शहरवासियों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से अधिक संख्या में शामिल होकर एकता के संदेश को मजबूत करने की अपील की।

आदित्य साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के योगदान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नया सम्मान मिला है। उन्होंने बताया कि विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा—स्टैच्यू ऑफ यूनिटी—देश की ओर से सरदार पटेल को दी गई सर्वोच्च श्रद्धांजलि है। इसके साथ ही केंद्र सरकार ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की अवधारणा को आगे बढ़ाते हुए प्रशासनिक सुधार, सीमाओं की सुरक्षा और सहकारी संघवाद को मजबूत कर रही है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों को एकजुट कर आधुनिक भारत की नींव रखी। आज भाजपा सरकार उसी संकल्प के साथ देश को मजबूत, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने के लिए कार्य कर रही है।

अंत में, नेताओं ने सभी नागरिकों से यूनिटी मार्च में शामिल होकर सरदार पटेल को सामूहिक श्रद्धांजलि देने की अपील की।

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं पर लगाम के लिए कड़े कदमों का निर्देश

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं पर लगाम के लिए कड़े कदमों का निर्देश

चाईबासा : जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, तीनों अनुमंडलों के पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक की शुरुआत जिला परिवहन पदाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं के विस्तृत आंकड़े प्रस्तुत करते हुए की। उन्होंने पिछले वर्षों के हादसों व मृतकों की संख्या, वर्ष 2024-25 के तुलनात्मक डेटा, जिले में चल रहे जागरूकता कार्यक्रमों, नियम उल्लंघन पर की गई कार्रवाई और सड़क निर्माण विभाग के सुधारात्मक प्रयासों की जानकारी दी।

दुर्घटना की समीक्षा के बाद उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर बार-बार हादसे हो रहे हैं, वहां राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, परिवहन विभाग और पुलिस संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक सुधार तुरंत सुनिश्चित करें। सड़क मरम्मत, चौड़ीकरण, संकेत बोर्ड और रोड मार्किंग जैसे कार्य जल्द पूरा करने का आदेश दिया गया। साथ ही अगली बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए स्थानीय थाना और अंचल अधिकारियों को विशेष बैठक कराने के निर्देश दिए। चाईबासा शहर में टोटो चालकों से जुड़ी समस्याओं पर उन्होंने नगरपालिका और परिवहन विभाग को सभी चालकों के साथ बैठक कर उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और नाबालिग, बिना लाइसेंस व बिना पंजीकरण वाले वाहनों पर सख्त अभियान चलाने को कहा।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दिसंबर में पिकनिक सीजन के दौरान पिकनिक स्थलों पर वाहनों की सघन जांच की जाएगी। अधिकांश दुर्घटनाओं में तेज रफ्तार से चल रहे दोपहिया वाहन शामिल होने की बात सामने आई है। इसलिए नियमित जांच, हेलमेट की अनिवार्यता और गति नियंत्रण पर सख्ती के निर्देश सभी थानों को दिए गए हैं। ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में सांसद प्रतिनिधि प्रदीप अग्रवाल ने सिंघपोखरिया क्षेत्र में हादसों में बढ़ोतरी की बात कही। इस पर उपायुक्त ने तत्काल उस क्षेत्र का निरीक्षण कर सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया। सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य राजा राम गुप्ता ने एम्बुलेंस सेवाओं को बेहतर करने की मांग की, जिस पर उपायुक्त ने सभी उपलब्ध एम्बुलेंस के संपर्क नंबर सार्वजनिक करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया।

बैठक में यह सहमति बनी कि जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और सड़क निर्माण एजेंसियां मिलकर काम करेंगी, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।

तितिरबिला में ग्राम देवी जहेरा स्थल का विधायक दशरथ गागराई ने किया उद्घाटन

तितिरबिला में ग्राम देवी जहेरा स्थल का विधायक दशरथ गागराई ने किया उद्घाटन

सरायकेला_खरसावाँ : सरायकेला प्रखंड के नुवागांव पंचायत अंतर्गत तितिरबिला गांव में सोमवार को ग्राम देवी जहेरा स्थल का उद्घाटन खरसावां विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री दशरथ गागराई ने पूजा-अर्चना व फीता काटकर किया।

इस अवसर पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि ग्राम देवी गांव की रक्षा करती हैं, इसलिए उनकी पूजा पूरे सम्मान के साथ की जाती है।

उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, जिला उपाध्यक्ष संजय प्रधान, विधायक प्रतिनिधि पंकज प्रधान, उप प्रमुख बासुदेव महतो, प्रखंड अध्यक्ष भगत महतो, प्रकाश महतो, अरुण जामुदा, उप मुखिया कन्हैया बेहरा, लक्ष्मण महतो, सुब्रतो कोर, गोमा पुरती, संजीव महतो, मिश्री लाल महतो, उकार मांझी, लालचंद महतो, मनसा टुडू सहित झामुमो कार्यकर्ता और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

झामुमो ने गीता कोड़ा के आरोपों को बताया बौखलाहट का नतीजा

झामुमो ने गीता कोड़ा के आरोपों को बताया बौखलाहट का नतीजा

चाईबासा : पूर्व सांसद श्रीमती गीता कोड़ा द्वारा झामुमो पर लगाए गए आरोपों को पार्टी ने बौखलाहट और निराधार करार दिया है। झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने कहा कि सारंडा मामले पर भाजपा को बयान देने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सारंडा में हुई दो ग्राम सभाओं में भाजपा अनुपस्थित रही और अप्रत्यक्ष रूप से अडानी के पक्ष में खड़ी दिखाई दी।

लागुरी ने कहा कि झामुमो ने सारंडा के आदिवासी मूलवासियों की आवाज़ न सिर्फ राज्य सरकार तक पहुंचाई, बल्कि सुप्रीम कोर्ट में भी मजबूती से रखी। उन्होंने बताया कि आर्थिक नाकेबंदी के आंदोलन ने 18 नवंबर को होने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले को प्रभावित किया, जिसके परिणामस्वरूप 13 नवंबर 2025 को ही सुप्रीम कोर्ट ने आदिवासी मूलवासियों के विस्थापन को रोकने का निर्णय लिया।

प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा झूठे और मनगढ़ंत आरोपों से जनता को गुमराह नहीं कर सकती। जिले की जनता भाजपा की राजनीति को भली-भांति समझती है, इसी कारण विधानसभा की सभी पाँच सीटों से भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने गीता कोड़ा के बयान को ‘निराधार आरोपों का पुलिंदा’ बताया।

लागुरी ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार पारदर्शिता और जनहित के प्रति प्रतिबद्ध है। इसके विपरीत, भाजपा विपक्ष में रहते हुए भी अफवाह फैलाने और झूठ की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि झामुमो ने सारंडा के आदिवासी मूलवासियों के जल, जंगल, जमीन की सुरक्षा के लिए हमेशा आवाज़ उठाई है, इसलिए सारंडा आंदोलन को नैतिक समर्थन देना बिल्कुल उचित था।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी स्पष्ट किया था कि सरकार की प्राथमिकता खनन हित नहीं, बल्कि सारंडा के आदिवासियों के अधिकार हैं, और सुप्रीम कोर्ट ने भी वन अधिकार अधिनियम को ध्यान में रखते हुए फैसला दिया है।

लागुरी ने भाजपा से पूछा कि यदि उसे वास्तव में जनहित की चिंता है, तो केंद्र सरकार से सारंडा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास पर वार्ता करे और कोल्हान, पोड़ाहाट, सारंडा समेत जंगलों में रहने वाले आदिवासियों के लिए सड़क निर्माण में आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए, ताकि उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।