पूर्वी सिंहभूम | जमशेदपुर में प्राइवेट स्कूलों द्वारा री-एडमिशन प्रक्रिया के विरोध में गुरुवार को जिला समाहरणालय (DC ऑफिस) के समीप झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।

इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता दिखाई और री-एडमिशन के नाम पर की जा रही प्रक्रिया को अन्यायपूर्ण बताते हुए इसका विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने “शिक्षा अधिकार है, व्यापार नहीं” और “री-एडमिशन बंद करो” जैसे नारों के साथ प्रशासन का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।

धरना में शामिल लोगों का कहना था कि प्राइवेट स्कूलों द्वारा हर वर्ष री-एडमिशन के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है, जिससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से इस पर तत्काल हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि इस समस्या का समाधान जल्द नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

