सरायकेला | झारखंड विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने रविवार को सरायकेला-खरसावां जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा की। सरायकेला परिसदन सभागार में समिति के सभापति हेमलाल मुर्मू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समिति के सदस्य नागेंद्र महतो, मथुरा प्रसाद महतो एवं सोमेश सोरेन तथा खरसावां विधायक दशरथ गागराई उपस्थित रहे। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वांगीयारी ने समिति के सदस्यों का स्वागत किया।

बैठक के दौरान समिति ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और लंबित योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। अधिकारियों को योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ कार्यों की नियमित निगरानी एवं स्थल निरीक्षण करने को कहा गया। कार्यपालक अभियंताओं को संवेदकों के साथ नियमित बैठक कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।

समिति ने राज्य संपोषित योजनाओं के तहत निर्धारित समय-सीमा से विलंबित कार्यों को दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया। समय पर कार्य पूरा नहीं करने वाले संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा भविष्य की योजनाओं में उन्हें कार्य आवंटित नहीं करने की प्रक्रिया अपनाने को कहा गया।

Contact no :- +91 8553588326
खनन प्रभावित क्षेत्रों में नियमानुसार विकास कार्य कराने तथा अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सदर अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों और आवश्यक कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। समिति ने लोगों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

पर्यटन स्थलों की समीक्षा करते हुए समिति ने पर्यटकों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विकास पर जोर दिया। वहीं, स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में स्वच्छता, खेल-खेल में शिक्षा तथा बच्चों में अच्छे व्यवहार की आदत विकसित करने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में समिति ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाने का निर्देश दिया।
अंत में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने समिति द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा इसकी जानकारी समिति को उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।


