चाईबासा | डीएवी स्कूल, चाईबासा में शनिवार को सुपर एचीवर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त श्री मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 10वीं एवं 12वीं के करीब 50 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को भी प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने सम्मानित सभी छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सम्मान प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने विद्यार्थियों से आगे भी इसी तरह निरंतर मेहनत करते रहने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

Contact no :- +91 9337736501
उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है। ज्ञान, अनुशासन, सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और अच्छे संस्कार भी सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा को पहचानते हुए निरंतर सीखने की प्रवृत्ति बनाए रखने तथा भविष्य में अपने परिवार, विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से बच्चों को बेहतर मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मान देना, उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना तथा शिक्षा एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना रहा।

