सरायकेला | सरायकेला-खरसावां उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली, पोषण सेवाओं, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) गतिविधियों तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (सीडीपीओ) एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केंद्रों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, पूरक पोषाहार वितरण, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं शैक्षणिक गतिविधियों का मूल्यांकन कर समय-समय पर प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए।

उपायुक्त ने कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों की पहचान कर आवश्यकता अनुसार उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती सुनिश्चित करने तथा गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) के नियमित आयोजन, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण एवं वजन मापन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।

बैठक में निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए स्थायी भवन निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने, जर्जर केंद्रों की सूची तैयार करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा उपायुक्त ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभुकों को शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

समीक्षा के दौरान लाभुकों के मुख पहचान आधारित सत्यापन, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य खाता (ABHA) संख्या तथा स्वचालित स्थायी शैक्षणिक खाता संख्या (APAAR ID) निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी पात्र लाभुकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने एवं विभागीय पोर्टलों पर सूचनाओं की नियमित प्रविष्टि करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित समाज कल्याण विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

