सरायकेला-खरसावां | जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला खनन विभाग द्वारा निरंतर निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में खनन विभाग की टीम ने ईचागढ़ थाना के साथ संयुक्त रूप से ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वर्णरेखा नदी के सोड़ो, जारगोडीह, पुरानडीह एवं वीरडीह बालू घाटों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित घाटों पर तत्काल किसी भी प्रकार की अवैध उत्खनन गतिविधि नहीं पाई गई। हालांकि, सोड़ो, जारगोडीह एवं वीरडीह घाटों में ट्रैक्टर वाहनों के टायर के निशान मिलने पर संभावित अवैध परिवहन मार्गों की पहचान की गई।
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर इन मार्गों को अवरुद्ध करने के लिए विभिन्न स्थानों पर अवरोध गर्त (ट्रेंच) का निर्माण किया गया, ताकि भविष्य में अवैध परिवहन को रोका जा सके।

उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जिले में किसी भी स्थान पर खनिजों के अवैध खनन, भंडारण या परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी सतत और प्रभावी रूप से जारी रहेगी।

