सरायकेला | नगर क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में लंबे समय से रुका तीसरे फीडर का कार्य अब दोबारा शुरू होने जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के प्रयासों से राजबांध बस्ती में चल रहा स्थानीय विरोध समाप्त होने के बाद इस कार्य को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है।

नगर क्षेत्र में वर्तमान समय में केवल दो फीडरों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जा रही है। इसके कारण ओवरलोड, बार-बार ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज जैसी समस्याएं लगातार बनी रहती हैं। बिजली विभाग द्वारा RDDS योजना के तहत तीसरे फीडर के लिए 33 हजार वोल्ट की नई लाइन बिछाई जानी है, लेकिन स्थानीय विरोध के कारण यह कार्य लंबे समय से बाधित था।

इसी मुद्दे को लेकर वार्ड पार्षद ज्योति साहू के आवास पर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक अभियंता संजय सवैया, जूनियर अभियंता कुणाल प्रजापति, संवेदक तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे। इस दौरान बस्तीवासियों ने सुरक्षा को लेकर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं, जिस पर विभागीय अधिकारियों ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए कार्य कराने का आश्वासन दिया।

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन शहर की मूलभूत सुविधाओं को भी बाधित नहीं होने दिया जा सकता। उन्होंने कहा कि सुरक्षा और सुविधा के बीच संतुलन बनाकर कार्य करना आवश्यक है।
बैठक के बाद आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ तीसरे फीडर का कार्य आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। इसके शुरू होने से नगर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार होने तथा ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

