चक्रधरपुर | सोनुवा मुख्य मार्ग पर बेगुन मोड़ के समीप गुरुवार शाम एक सड़क दुर्घटना में तीन युवक घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल एक युवक को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल तीनों युवक खूंटपानी प्रखंड के कोटसोन गांव के निवासी हैं। अनिल होनहागा, असमान होनहागा और मानसिंह होनहागा गुरुवार सुबह मागे पर्व मनाने के लिए केटीएम बाइक से सोनुवा प्रखंड के लॉन्जों गांव गए थे। शाम में वापस लौटने के दौरान बेगुन मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार हाइवा वाहन के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वे दुर्घटना का शिकार हो गए।

हादसे में अनिल होनहागा को दाहिने घुटने में गंभीर चोट आई है, जबकि असमान होनहागा और मानसिंह होनहागा को पैर और चेहरे पर हल्की चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अनिल होनहागा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।

