मनोहरपुर | मनोहरपुर प्रखंड में सभी प्रज्ञा केंद्र (CSC) संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक हाल ही में एक यूट्यूब चैनल के जरिए सामने आए आरोपों के बाद बुलाई गई, जिसमें कुछ आधार केंद्रों पर अधिक शुल्क लेकर फर्जी आधार बनाने की शिकायत की गई थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और अंचल अधिकारी ने संयुक्त रूप से बैठक की। इस दौरान अंचल कार्यालय परिसर में मौजूद सभी CSC संचालकों को कड़ी फटकार लगाई गई और स्पष्ट निर्देश दिया गया कि ग्रामीणों से किसी भी प्रकार की अतिरिक्त या अनावश्यक राशि नहीं ली जाए।

अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की शिकायतें दोबारा सामने आती हैं, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें लाइसेंस रद्द करना भी शामिल है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री शक्ति कुंज ने कहा कि बिना कारण शिकायतें नहीं आतीं, इसलिए जिन VLE (Village Level Entrepreneur) के खिलाफ शिकायतें मिलेंगी, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने सभी संचालकों को पारदर्शिता और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने कहा कि CSC केंद्रों का उद्देश्य ग्रामीणों को सुलभ और पारदर्शी सेवाएं देना है, और इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

