चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम जिले में बच्चों का शत-प्रतिशत आधार नामांकन तथा निर्धारित आयु पर अनिवार्य आधार अद्यतन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष आधार नामांकन अभियान प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है। उपायुक्त मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जिले के सभी प्रखंडों में आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और प्रखंड स्तरीय आधार शिविरों के माध्यम से अभियान को गति दी गई है।

अभियान के तहत विशेष रूप से पांच वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार नामांकन और बायोमेट्रिक अपडेट को प्राथमिकता दी गई है। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए, जहां आंगनबाड़ी सेविकाओं, बाल विकास परियोजना कार्यालय, आधार ऑपरेटरों और संबंधित विभागों के समन्वित प्रयास से बड़ी संख्या में बच्चों का आधार नामांकन कराया गया।
इस विशेष अभियान के दौरान अब तक कुल 11,738 बच्चों का आधार नामांकन सफलतापूर्वक किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त, विद्यालयों में अध्ययनरत आधारविहीन बच्चों को चिन्हित कर उनके लिए प्रखंड स्तर पर विशेष आधार नामांकन शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों के माध्यम से अब तक 405 स्कूली बच्चों का नया आधार नामांकन किया गया है। वहीं, 4,089 बच्चों के आधार कार्ड में आवश्यक बायोमेट्रिक एवं जनसांख्यिकीय विवरण का अद्यतन कराया गया है।

जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र बच्चा आधार नामांकन अथवा आवश्यक आधार अपडेट से वंचित न रहे। इसके लिए विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, बाल विकास परियोजना कार्यालयों और संबंधित विभागों के माध्यम से बच्चों की सूची तैयार कर चरणबद्ध तरीके से शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही अभिभावकों को आधार अद्यतन के महत्व के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
उपायुक्त मनीष कुमार ने जिलेवासियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों के आधार नामांकन एवं समय पर आधार अपडेट को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि आधार विभिन्न सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति, बैंकिंग सेवाओं, स्वास्थ्य योजनाओं और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि जिन बच्चों का अभी तक आधार नामांकन नहीं हुआ है, अथवा जिन बच्चों का पांच वर्ष या 15 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराया जाना शेष है, उनके अभिभावक निकटतम आधार नामांकन केंद्र अथवा जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर यह कार्य शीघ्र पूरा कराएं।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे का आधार नामांकन और समय पर आधार अपडेट सुनिश्चित करना है, ताकि भविष्य में सरकारी सेवाओं, छात्रवृत्ति, शैक्षणिक नामांकन तथा अन्य लाभ प्राप्त करने में बच्चों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे इस विशेष अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने आसपास ऐसे बच्चों की जानकारी संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय या प्रखंड प्रशासन को उपलब्ध कराएं, जिनका आधार नामांकन अथवा आधार अपडेट अभी तक लंबित है। सभी के सहयोग से जिले में शत-प्रतिशत आधार कवरेज का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकेगा।

