चाईबासा | लोहरदगा स्थित होटल अमृत पैलेस में 2 से 4 जुलाई 2026 तक आयोजित 26वीं झारखंड राज्य जूनियर क्योरुगी एवं 15वीं झारखंड राज्य जूनियर पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 तथा 26वीं झारखंड राज्य सब-जूनियर क्योरुगी एवं पूमसे ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में पश्चिमी सिंहभूम जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जिले के खिलाड़ियों ने कुल 19 पदक जीतकर पश्चिमी सिंहभूम का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में चक्रधरपुर और चाईबासा से पश्चिमी सिंहभूम जिला ताइक्वांडो संघ के करीब 40 खिलाड़ियों ने भाग लिया। टीम ने मुख्य कोच अनुराग शर्मा, कोच शांतनु महतो और टीम मैनेजर अभिमन्यु सिंह के नेतृत्व में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने 6 स्वर्ण, 5 रजत और 8 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।

सब-जूनियर वर्ग में पदक विजेता
पूमसे स्पर्धा में अदिति सुंडी, आलिया हेम्ब्रम, अद्विका साहू, स्वेच्छा यादव, आराध्या प्रसाद और हेतवी घनश्याम दरबार ने स्वर्ण पदक जीते।

क्योरुगी स्पर्धा में दित्या चौहान ने अंडर-22 किग्रा, अद्विका साहू ने अंडर-20 किग्रा और आलिया हेम्ब्रम ने अंडर-35 किग्रा वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
क्योरुगी में स्वेच्छा यादव ने अंडर-35 किग्रा, हेतवी घनश्याम दरबार ने अंडर-38 किग्रा, अमृता हाइबुरू ने अंडर-29 किग्रा और आकाश सिंह सोय ने बालक अंडर-29 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीते। वहीं, पूमसे स्पर्धा में अनमोल पांडेय ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

जूनियर वर्ग में पदक विजेता
क्योरुगी स्पर्धा में रिया नायक ने अंडर-55 किग्रा और याना सोय ने अंडर-42 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। पूमसे स्पर्धा में चंचल सोय और सुशील सुंडी ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
क्योरुगी में लक्ष्मी डोंगो ने अंडर-68 किग्रा और अंश कुमार ने अंडर-45 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता।
वहीं, क्योरुगी में चंचल सोय ने अंडर-44 किग्रा, अनुष्का मुंडरी ने अंडर-54 किग्रा और आर्यमान रजक ने अंडर-48 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त किया।

पश्चिमी सिंहभूम जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव एवं मुख्य कोच अनुराग शर्मा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेंगे।

संघ के अध्यक्ष प्रमोद भगेरिया ने खिलाड़ियों को उनकी सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पश्चिमी सिंहभूम के खिलाड़ी लगातार राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। यह पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। जिला ताइक्वांडो संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने भी सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


