चाईबासा | कोल्हान विश्वविद्यालय में स्नातक नामांकन प्रक्रिया शुरू नहीं होने पर झारखंड छात्र मोर्चा ने नाराजगी जताई है। संगठन के जिला अध्यक्ष सनातन पिंगुवा ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए अविलंब चांसलर पोर्टल खोलकर नामांकन प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई तो छात्र सड़क से लेकर राजभवन तक आंदोलन करने को विवश होंगे।

पिंगुवा ने कहा कि झारखंड के अधिकांश विश्वविद्यालयों में स्नातक नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है या अंतिम चरण में है, जबकि कोल्हान विश्वविद्यालय अब तक नामांकन शुरू नहीं कर पाया है। इससे हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन पर लापरवाही और छात्रों की समस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में पीजी में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों का वर्ष 2025 का नामांकन कार्य भी अब तक पूरा नहीं हो सका है, जिससे उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार संबंधी अवसरों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

झारखंड छात्र मोर्चा ने विश्वविद्यालय में व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठाए हैं। पिंगुवा ने कहा कि दीक्षांत समारोह के दौरान लाखों रुपये खर्च कर परिसर का सौंदर्यीकरण कराया गया था, लेकिन वर्तमान में परिसर पुनः अव्यवस्था और झाड़ियों से घिरा हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन केवल आश्वासन दे रहा है, जबकि समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है।

उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र चांसलर पोर्टल नहीं खोला गया और नामांकन प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो झारखंड छात्र मोर्चा विश्वविद्यालय मुख्यालय का घेराव करेगा। आवश्यकता पड़ने पर राजभवन के समक्ष भी आंदोलन किया जाएगा।


