चाईबासा | भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले की 56-चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-195 की बूथ लेवल पदाधिकारी (बीएलओ) श्रीमती अनीता देवी ने निर्धारित समय-सीमा से पहले अपने बूथ के 100 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इसके साथ ही वह जिले की पहली बीएलओ बन गई हैं, जिन्होंने अपने बूथ के सभी गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूरा किया। इस उपलब्धि के बाद उनका नाम राज्य के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ की सूची में भी शामिल हो गया है।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने अनीता देवी को बधाई देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि अनीता देवी ने समर्पण, निष्ठा और समयबद्ध कार्यशैली का परिचय देते हुए अन्य बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के अन्य बीएलओ भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कर पश्चिमी सिंहभूम को राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल करने में योगदान देंगे। उपायुक्त ने इस उपलब्धि के लिए चक्रधरपुर विधानसभा की निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री श्रुति राजलक्ष्मी को भी बधाई दी।

उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाना है। निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 जुलाई तक गणना प्रपत्रों का वितरण तथा 20 जुलाई 2026 तक 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस कार्य की जिला प्रशासन द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सुपरवाइजरों और बीएलओ से पूरी जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की अपील की। साथ ही घोषणा की कि जिले में सबसे पहले 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा करने वाले शीर्ष 10 बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।

इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग ने बताया कि क्षेत्रीय कार्यों के सुचारु संचालन के लिए बीएलओ और सुपरवाइजरों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बरसात के मौसम को देखते हुए उन्हें बरसाती, छाता तथा अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि प्रतिकूल मौसम में भी निर्वाचन संबंधी कार्य प्रभावित न हों।

जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने गणना प्रपत्र समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन, त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाया जा सके।

