चक्रधरपुर | एकल ग्रामोत्थान संसाधन केंद्र (जीआरसी), करंजो में बुधवार को ओंकार ध्वनि एवं गायत्री मंत्रोच्चारण के साथ हथकरघा प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने महिलाओं एवं युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए एकल अभियान के राष्ट्रीय अभियान प्रमुख एवं ग्रामोत्थान संसाधन केंद्र के केंद्रीय प्रमुख डॉ. ललन शर्मा ने कहा कि देश के बच्चों और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन इस उद्देश्य को लेकर वर्षों से कार्य कर रहा है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रहा है।

महिला समिति की अध्यक्ष नीतू साहू ने अपने संबोधन में कहा कि देश के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बेटियों का आत्मनिर्भर होना न केवल उनके व्यक्तिगत विकास बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए भी आवश्यक है।

कार्यक्रम का संचालन जीआरसी प्रभारी प्रकाश महतो ने किया। वहीं, एकल ग्रामोत्थान संसाधन केंद्र के अध्यक्ष पवन संथालिया एवं उपाध्यक्ष मनोज जिंदल ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर ग्रामोत्थान योजना के सीपीपी अभिजीत पांडे, प्रभाग प्रमुख आशुतोष सिंह, कंप्यूटर लैब प्रभारी शुभा शिंदे सहित कई गणमान्य अतिथि एवं केंद्र के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हथकरघा प्रशिक्षण केंद्र के शुभारंभ को स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने में मदद मिलेगी।


