पश्चिम सिंहभूम | चक्रधरपुर के पंप रोड स्थित पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर (इंग्लिश मीडियम) में गुरुवार, 02 अप्रैल को शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ धार्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान चालीसा, गायत्री मंत्र एवं सरस्वती वंदना के साथ दो कुण्डीय हवन यज्ञ द्वारा की गई।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के संरक्षक मनोज भागेरिया, उपाध्यक्ष दमयंती नाग, संघ के प्रांतीय सह कार्यवाह मोहन कच्छप तथा प्रधानाचार्य आनंद चन्द्र प्रधान ने संयुक्त रूप से भारत माता, ॐ एवं मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पार्चन किया।

हवन यज्ञ में विद्यालय के सभी अधिकारी, आचार्य बंधु-भगिनी तथा छात्र-छात्राओं ने विधिवत भाग लिया और गायत्री मंत्रोच्चार के साथ आहुति दी। प्रधानाचार्य आनंद चन्द्र प्रधान ने कहा कि विद्या भारती द्वारा संचालित सभी सरस्वती शिशु मंदिरों में नए सत्र की शुरुआत हवन यज्ञ से करने की परंपरा रही है। उन्होंने मां गायत्री एवं सरस्वती से प्रार्थना की कि वे सभी को वर्षभर ज्ञान और बुद्धि से परिपूर्ण रखें।

कार्यक्रम में प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक एवं छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। हवन यज्ञ का संचालन आचार्य बिपिन कुमार मिश्रा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जयश्री दास, शांति देवी, सौभिक घटक, मीना कुमारी, स्वास्तिक सोय, भारती कुमारी सहित अन्य का सराहनीय योगदान रहा।

