चाईबासा | संयुक्त बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं स्वतंत्रता सेनानी Krishna Ballabh Sahay की पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शत्-शत् नमन किया।

इस अवसर पर कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि कृष्ण बल्लभ सहाय का संपूर्ण जीवन स्वतंत्रता संग्राम, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा निःस्वार्थ जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उनका व्यक्तित्व, सशक्त नेतृत्व और सिद्धांतनिष्ठ राजनीति भारतीय लोकतंत्र की अमूल्य धरोहर है, जो आज भी समाज और सार्वजनिक जीवन को नैतिक दिशा प्रदान करती है।

त्रिशानु राय ने कहा कि कृष्ण बल्लभ सहाय का जीवन त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। उनके आदर्श और विचार वर्तमान पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं तथा जनसेवा के क्षेत्र में कार्य करने वालों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।

कार्यक्रम में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, मोहन सिंह हेम्ब्रम, राजेन्द्र कच्छप, मो. इस्लाम, बिक्रम बिरुली, सुशील दास सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

