चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में गुरुवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपायुक्त मनीष कुमार ने की। इस अवसर पर पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष, जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो तथा जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा जारी इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के विभिन्न +2 उच्च विद्यालयों के विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय के प्रथम पांच स्थान प्राप्त करने वाले कुल 17 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में वाणिज्य संकाय में राज्य स्तर पर 94.2 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा प्रियांशी खत्री विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों की मौजूदगी में केक काटकर विद्यार्थियों की सफलता का जश्न मनाया गया। उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता की सबसे बड़ी कुंजी मेहनत और निरंतर अभ्यास है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियों के पीछे माता-पिता, परिवार और शिक्षकों का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है। साथ ही उन्होंने छात्रों को जीवन में शॉर्टकट से बचने, नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी।

समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र एवं डायरी देकर सम्मानित किया गया, जबकि अभिभावकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान दिया गया।
गौरतलब है कि इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में पश्चिमी सिंहभूम जिला पूरे राज्य में कला संकाय में छठे तथा विज्ञान संकाय में नौवें स्थान पर रहा, जिसे जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

