जमशेदपुर | झारसुगुड़ा–राउरकेला–चक्रधरपुर रेलखंड में ट्रेनों की लगातार देरी से यात्रियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। इस गंभीर समस्या को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने भी आवाज बुलंद करनी शुरू कर दी है।

इसी क्रम में विधायक सरयू राय ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की देरी के खिलाफ एक सांकेतिक एक-दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल एक रेलखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि चक्रधरपुर मंडल सहित दक्षिण पूर्व रेलवे की हावड़ा–मुंबई मुख्य लाइन पर भी यही स्थिति बनी हुई है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं, उत्तर भारतीय समन्वय समिति के प्रतिनिधियों—ओपी सिंह, रिंकू अग्रवाल और रिशी सेवक—ने राउरकेला स्टेशन मास्टर लक्ष्मीधर त्रिपाठी को एक ज्ञापन सौंपकर ट्रेनों की देरी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने रेलवे प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है।

इस पर राउरकेला स्टेशन मास्टर लक्ष्मीधर त्रिपाठी ने आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम जल्द उठाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।

