केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ की अध्यक्षता में DISHA की बैठक, विकास योजनाओं की समीक्षा

खूंटी/सरायकेला | जिला समाहरणालय सभागार में केंद्रीय राज्य मंत्री, रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार, संजय सेठ की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद कालीचरण मुंडा (खूंटी लोकसभा), सांसद जोबा मांझी (सिंहभूम लोकसभा), विधायकगण, मेयर, उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम, जिला परिषद अध्यक्ष, मेयर नगर निगम आदित्यपुर, अध्यक्ष नगर पंचायत सरायकेला, अध्यक्ष नगर परिषद कपाली, उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की क्रमवार समीक्षा की गई और पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा भी की गई। मंत्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, विद्युत, पेयजल एवं स्वच्छता, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और पथ निर्माण विभागों से संबंधित योजनाओं की प्रगति की जांच की और सभी लंबित तथा धीमी प्रगति वाली योजनाओं को निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विद्युत आपूर्ति को सुधारने के लिए जर्जर तार और खंभों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त करने, पेयजल योजनाओं की नियमित जांच और खराब चापाकलों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने, तथा प्रत्येक घर तक नल-जल योजना का विस्तार करने के निर्देश दिए गए। सड़क एवं आधारभूत संरचना विभाग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित अन्य लंबित कार्यों में तेजी लाने और लापरवाही करने वाले संवेदकों के खिलाफ ब्लैकलिस्टिंग प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में सभी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक, एएनएम और सीएचओ की उपस्थिति सुनिश्चित करने, सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान को प्राथमिकता देने और स्थानीय भाषा में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। नि:शुल्क डायलिसिस केंद्र और एंबुलेंस सेवाओं का प्रचार-प्रसार एवं सुगमता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
शिक्षा क्षेत्र में सभी स्कूलों और आवासीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं, खेल सामग्री और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग को प्रखंडों में संचालित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों की गुणवत्ता और खिलौना बैंक संचालन प्रभावी बनाने का निर्देश मिला।
नगर विकास विभाग को शहरी क्षेत्रों में नियमित कचरा उठाव, पेयजल और विद्युत आपूर्ति की निरंतरता सुनिश्चित करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, प्लास्टिक और थर्माकोल के दुष्प्रभाव के प्रति जनजागरूकता फैलाने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों का शीघ्र संचालन शुरू करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क और विद्युत से संबंधित विभिन्न समस्याएं उठाईं, जिनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के समापन पर मंत्री संजय सेठ ने निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को संसद भवन, प्रधानमंत्री संग्रहालय और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाए। इसके अलावा, महिला सशक्तिकरण हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार कर उन्हें स्वरोजगार और आजीविका से जोड़ने की दिशा में प्रभावी पहल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

By maskal.news

You May Also Like