सिमडेगा | सिमडेगा के उपायुक्त (डीसी) कंचन सिंह की सेवा भाव और सादगी भरी कार्यशैली की चर्चा अब ओडिशा में भी होने लगी है। इसी क्रम में, ओडिशा की उत्तर भारतीय समन्वय समिति के प्रतिनिधि मंडल ने सिमडेगा का दौरा कर डीसी कंचन सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की।

समिति के सदस्यों ने डीसी कंचन सिंह के लोक सेवा में समर्पण, सरलता और आस्था के प्रति निष्ठा की सराहना की। विशेष रूप से, उन्होंने छठ पूजा जैसे महापर्व को उच्च पदस्थ होने के बावजूद श्रद्धा और सरलता के साथ मनाने के उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि कंचन सिंह आने वाली पीढ़ी के लिए एक मिसाल हैं, जो अपनी संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देते हुए भी सादगी और शालीनता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं। इस अवसर पर, राउरकेला की अग्रणी संस्था की ओर से डीसी कंचन सिंह को शॉल, स्मृति चिन्ह और पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

डीसी कंचन सिंह ने प्रतिनिधि मंडल का स्वागत करते हुए कहा, “आप लोगों का यहाँ आना हमारे लिए खुशी की बात है। हमें प्रोटोकॉल के दायरे में रहते हुए कार्य करना होता है, इसलिए अभी अधिक समय देना संभव नहीं है, लेकिन राउरकेला आने का प्रयास जरूर करेंगी। मैं सभी हिंदी भाषी भाइयों का धन्यवाद देता हूँ कि आपने हमें सम्मानित करने का यह प्रयास किया। छठ मईया की आस्था का यह सच्चा प्रतीक है कि आप लोग ओडिशा से यहां आए।”
समिति के उपाध्यक्ष कृष्णा साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल में हरि शंकर साह, अशोक पाठक, ओपी सिंह, रिंकू अग्रवाल और ऋषि सेवक शामिल थे।

