चक्रधरपुर | उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बाइपी की प्रधानाध्यापिका श्रीमती कमला मारला के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर मधुसूदन महतो टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज के डीएलएड प्रशिक्षुओं की ओर से विद्यालय परिसर में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षुओं एवं स्कूली बच्चों ने विदाई गीत, नृत्य और संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

इस अवसर पर विद्यालय की सहायक शिक्षिका रायमुनि बॉयपाई, शिक्षक अश्विन कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गुरुचरण जोजो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सभी ने श्रीमती कमला मारला के शिक्षा क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की।

अपने संबोधन में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका श्रीमती कमला मारला ने कहा कि भले ही वे शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो रही हैं, लेकिन उनका स्नेह और जुड़ाव हमेशा विद्यालय एवं गांव के लोगों के साथ बना रहेगा।

उन्होंने विद्यार्थियों से परिश्रम, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि वे भविष्य में शिक्षक, डॉक्टर, प्रशासनिक अधिकारी अथवा अन्य प्रतिष्ठित पदों पर पहुंचकर अपने माता-पिता, गांव और राज्य का नाम रोशन करें।

श्रीमती कमला मारला ने वर्ष 1994 में शिक्षक के रूप में अपनी सेवा की शुरुआत की थी। उनकी पहली नियुक्ति नूंगड़ी में हुई थी। इसके बाद उन्होंने काशीजोड़ा में अपनी सेवाएं दीं और अंततः उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बाइपी में प्रधानाध्यापिका के रूप में कार्यरत रहीं।

वे स्वयं भी बाइपी गांव की निवासी हैं।
उनके सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिवार, डीएलएड प्रशिक्षुओं, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।

