राज्य

जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा ने दोहराई प्रतिबद्धता, कहा आदिवासी हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर

जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा ने दोहराई प्रतिबद्धता, कहा आदिवासी हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा, पश्चिमी सिंहभूम के तत्वावधान में कैफेटेरिया, चाईबासा में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत जिला महामंत्री प्रताप कटिहार महतो ने मीडिया प्रतिनिधियों के स्वागत से की।

मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले 11 वर्षों में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही वह पार्टी है जिसने देश को पहली बार जनजातीय समाज से राष्ट्रपति दिया, झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाया और झारखंड व छत्तीसगढ़ दोनों ही राज्यों में आदिवासी मुख्यमंत्री बनने का गौरव प्रदान किया। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने वन अधिकार अधिनियम, पेसा कानून, जनजातीय मंत्रालय के सशक्तिकरण और वनभूमि पट्टा वितरण जैसे निर्णयों से जनजातीय समाज के हितों को मजबूत किया है।

पूर्व विधायक जवाहरलाल बांनरा ने कहा कि भाजपा पूरे देश में जनजातीय समुदाय के विकास और सम्मान के लिए कार्य कर रही है, जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा जैसी पार्टियां आदिवासियों को केवल वोट बैंक के रूप में देखती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि झामुमो सरकार के कार्यकाल में आदिवासियों पर अत्याचार बढ़े हैं, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हुई हैं और सारंडा को रिजर्व वाइल्डलाइफ सेंचुरी घोषित कर हजारों आदिवासियों के जीवन पर संकट खड़ा किया गया है।

मोर्चा जिला अध्यक्ष तीरथ जमुदा ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस को लेकर 13 और 14 नवंबर को जिले में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं की सफाई, माल्यार्पण एवं दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा निकालते हुए भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

कार्यक्रम में अनिल बोदरा, चंद्र मोहन तियू, हरिचरण शांडिल, रवि बंकीरा, पवन शर्मा, राकेश पोद्दार, जगदीश निषाद, कामेश्वर विश्वकर्मा, रोहित दास, बिरजू रजक, पप्पू राय सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वादिनी से दुष्कर्म और गर्भपात कर फरार आरोपी गुजरात से हुआ गिरफ्तार

वादिनी से दुष्कर्म और गर्भपात कर फरार आरोपी गुजरात से हुआ गिरफ्तार

चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के पोटका बासासाई गांव निवासी लेबाय तैसुम (उम्र 25 वर्ष, पिता–सरजोम तैसुम) को पुलिस ने गुजरात के मोरबी जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक महिला के साथ जबरन दुष्कर्म करने और गर्भपात कराने का गंभीर आरोप है।

मामला 23 सितंबर 2025 का है, जब वादिनी के लिखित आवेदन के आधार पर चक्रधरपुर थाना कांड संख्या–119/2025 दर्ज की गई थी। इस मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 64(1)/115(2)/89/351(3)/3(5) बीएनएस एवं 4(1)/6 पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

कांड की गंभीरता को देखते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर और थाना प्रभारी चक्रधरपुर के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी के ठिकाने का पता लगाया और उसे गुजरात से दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी लेबाय तैसुम को विधिवत रूप से चक्रधरपुर थाना लाया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को जल्द ही न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

हाटगम्हरिया प्रखंड के कुसमुंडा गांव में लगा नया ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों में खुशी की लहर

हाटगम्हरिया प्रखंड के कुसमुंडा गांव में लगा नया ट्रांसफार्मर, ग्रामीणों में खुशी की लहर

झारखंड राज्य अपने 25वें स्थापना दिवस (रजत जयंती) की तैयारी में जुटा है। इसी बीच पश्चिम सिंहभूम जिले के मझगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत हाटगम्हरिया प्रखंड के कुसमुंडा गांव में लंबे समय से जली हुई ट्रांसफार्मर की समस्या का समाधान हो गया। बीते कई महीनों से 100 केवी का ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पूरा गांव अंधेरे में डूबा हुआ था।

ग्रामीणों ने कई बार इस समस्या को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मुखिया, विधायक और सांसद तक गुहार लगाई, लेकिन समाधान नहीं हुआ। अंततः जब यह जानकारी भाजपा झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी बड़कुंवर गागराई को मिली, तो उन्होंने तत्परता दिखाते हुए विभागीय अधिकारियों से बातचीत की और नया ट्रांसफार्मर गांव में लगवाने की व्यवस्था की।

आज गांव में नया ट्रांसफार्मर लगने के बाद ग्रामीणों के चेहरे खुशी से खिल उठे। लोगों ने कहा कि अब वे भी झारखंड स्थापना दिवस की खुशियों में रोशनी के साथ शामिल होंगे। ग्रामीणों ने बड़कुंवर गागराई के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके प्रयास से गांव फिर से जगमगा उठा है।

गांव के भाजपा कार्यकर्ता कमल गागराई , लाल सिंह गागराई, समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि महीनों बाद अब उन्हें राहत मिली है।

झारखंड स्थापना दिवस से ठीक पहले गांव में बिजली बहाल होने से ग्रामीणों में उत्साह और उमंग का माहौल है। अब कुसमुंडा गांव भी राज्य की रजत जयंती समारोह में जगमग रोशनी के साथ शामिल होने को तैयार है।

वीर शहीद विजय सिंह सोय की 69वीं जयंती पर नमन:

वीर शहीद विजय सिंह सोय की 69वीं जयंती पर नमन:

इतवारी बाजार समाधि स्थल में वीर शहीद विजय सिंह सोय जी के 69वीं जयंती श्रद्धा और गर्व के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने शहीद की समाधि स्थल पर बारी बारी से पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और राष्ट्र के प्रति उनके अद्वितीय त्याग और बलिदान को याद किया। इस दौरान वक्ताओं ने उनके शौर्यपूर्ण जीवन और देश की सेवा में दिए गए उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि वीर शहीद का बलिदान हमें सच्चे कांग्रेसी और निस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देता रहेगा। सभी ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। स्व.सोय की धर्मपत्नी माला सोय, कुंती सोय, बेटी अनुप्रिया सोय इनके अलावा कांग्रेसी नेता विजय सिंह सामाड, प्रखंड उपाध्यक्ष आर्यन हासदा, प्रखंड महासचिव भोलेनाथ बोदरा, महासचिव बासुदेव मुखी, प्रदेश प्रतिनिधि राजेश शुक्ला ,राखी सलुजा, पूर्व कामगार नगर अध्यक्ष शरण मंडल,हरि राव, महेश साहू ,राय जी एवं , परिवार के सदस्य भी उपस्थित थे।

अबुआ आवास निर्माण में छत ढलाई की बाध्यता समाप्त

अबुआ आवास निर्माण में छत ढलाई की बाध्यता समाप्त

पश्चिम सिंहभूम जिले के दुर्गम और सुदूरवर्ती क्षेत्रों में अबुवा आवास निर्माण में हो रही परेशानियों को देखते हुए राज्य सरकार ने राहत की घोषणा की है। अब लाभुक आवासों की छत ढलाई में जीआई सीट, टाली खपरा और एस्बेस्टस सीट लगाने की अनुमति दी गई है।

झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह, मंत्री दीपक बिरुवा और विधायक निरल पूर्ति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह निर्णय गरीब आम जनता के हित में विधायक श्री पूर्ति द्वारा विधानसभा में लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के बाद लिया गया।

विधायक श्री पूर्ति ने बताया कि जिले की भौगोलिक स्थिति और निर्माण सामग्री की कीमतों में वृद्धि के कारण दुर्गम क्षेत्रों में आवास निर्माण में कई दिक्कतें आ रही थीं। अब यह राहत विशेष रूप से टोंटो, गुदड़ी, गोइलकेरा, आनंदपुर, मनोहरपुर और बंदगांव प्रखंडों के लाभुकों के लिए उपलब्ध होगी। जरूरत पड़ने पर इसे राज्य के अन्य जिलों में भी लागू किया जा सकता है।

झारखंड सरकार का लक्ष्य अबुवा आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है। इसके तहत राज्य में तीन चरणों में 8 लाख नए मकान बनाए जाएंगे:

🔸2023-24: 2 लाख मकान

🔸2024-25: 3.5 लाख मकान

🔸2025-26: 2.5 लाख मकान

बुधराम लागुरी ने कहा कि जिले की समस्याओं के समाधान के लिए झामुमो विधायक और सांसद प्रतिबद्ध हैं और इस जनहित कार्य के लिए उन्होंने राज्य सरकार और सभी संबंधित अधिकारियों की सराहना की।

सुफलसाई चौक में भगवन बिरसा मुंडा की नई आदमकद प्रतिमा स्थापित

सुफलसाई चौक में भगवन बिरसा मुंडा की नई आदमकद प्रतिमा स्थापित

चाईबासा के सुफलसाई चौक स्थित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुरानी प्रतिमा, जो वर्षों पूर्व स्थापित की गई थी, अब जीर्णोद्धार के बाद नई और भव्य रूप में स्थापित की गई है। पुरानी प्रतिमा जर्जर और आंशिक रूप से खंडित हो चुकी थी।

कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए पश्चिम सिंहभूम जिला उपायुक्त चंदन कुमार को पत्र लिखकर प्रतिमा के जीर्णोद्धार और स्थल के सौंदर्यीकरण की मांग की थी। उपायुक्त ने इस पर कार्रवाई करते हुए एसआर रुंगटा माइन लिमिटेड को सीएसआर मद के तहत कार्य का जिम्मा सौंपा।

अब एसआर रुंगटा ग्रुप, चालियामा स्टील प्लांट के सहयोग से नई प्रतिमा का निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है। प्रतिमा का निर्माण चक्रधरपुर के प्रसिद्ध शिल्पकार सुधीर पाल द्वारा किया गया है।

हर वर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर वीर बिरसा मुंडा स्मारक समिति, चाईबासा के तत्वावधान में सुफलसाई चौक पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।

समिति के संरक्षक मोनिका बोयपाई, अध्यक्ष अर्जुन बानरा और अन्य सदस्यों ने उपायुक्त, एसआर रुंगटा ग्रुप और पहलकर्ता त्रिशानु राय को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया है। वहीं, त्रिशानु राय ने भी जिला प्रशासन और रुंगटा ग्रुप को इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया है, ताकि भगवान बिरसा मुंडा के वीरता, संघर्ष और बलिदान को सदैव याद रखा जा सके।

झारखंड पुनरुत्थान अभियान की बैठक संपन्न, शिक्षा और संगठन विस्तार पर जोर

झारखंड पुनरुत्थान अभियान की बैठक संपन्न, शिक्षा और संगठन विस्तार पर जोर

टाटा कॉलेज के समीप रविवार को झारखंड पुनरुत्थान अभियान की कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नारायण सिंह पूर्ति ने की।

मौके पर केंद्रीय अध्यक्ष सन्नी सिंकु ने कहा कि हर लड़ाई कानून के दायरे में रहकर लड़ी जानी चाहिए। हमें केवल अधिकारों की नहीं, बल्कि कर्तव्यों की भी समझ होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ज्ञान के बल पर ही संघर्षों में सफलता हासिल की जा सकती है।

केंद्रीय महासचिव अमृत माझी ने संगठन के पिछले माह के कार्यों की समीक्षा की और संगठन विस्तार पर बल दिया। उन्होंने बताया कि अभियान का स्थापना दिवस 22 जनवरी को मनाया जाएगा, जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।

बैठक में छात्र विंग के केंद्रीय अध्यक्ष अरिल सिंकु ने पश्चिमी सिंहभूम छात्र विंग के अध्यक्ष के रूप में समीर हेंब्रम की नियुक्ति की घोषणा की।

इस अवसर पर केंद्रीय समिति सदस्य सुमंत ज्योति सिंकु, जिला उपाध्यक्ष विकास केराई, मंगल सरदार, मनोहरपुर प्रखंड अध्यक्ष विशाल गुड़िया, सदर प्रखंड अध्यक्ष सुरा पूर्ति, झींकपानी प्रखंड अध्यक्ष संतोष सवैया, जगन्नाथपुर प्रखंड अध्यक्ष विनीत लागुरी, केदारनाथ कालुंडिया, नारायण कुदादा, विश्वनाथ बोबोंगा और अन्य सदस्य उपस्थित थे।

घाटशिला में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के रोड शो के दौरान तापस चटर्जी ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगें रखीं

घाटशिला में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के रोड शो के दौरान तापस चटर्जी ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगें रखीं

घाटशिला में रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के रोड शो के दौरान गौरीकुंज उन्नयन समिति के अध्यक्ष तापस चटर्जी ने स्टेशन चौक पर उनसे मुलाकात की और क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई मांगें रखीं।

तापस चटर्जी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि घाटशिला को जिला और पर्यटन क्षेत्र के रूप में घोषित किया जाए, ताकि यहां के पर्यटन स्थलों का व्यवस्थित विकास हो सके। उन्होंने कहा कि घाटशिला प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है और यहां सालभर देशभर से पर्यटक आते हैं, लेकिन पर्यटन सुविधाओं की कमी और खराब सड़कों के कारण उन्हें परेशानी होती है।

उन्होंने विभूति बाबू के आवास (विभूति भवन) के रखरखाव और उसे पर्यटन मानचित्र में शामिल करने की मांग भी की। चटर्जी ने कहा कि यह स्थान बंगला भाषी समाज के लिए श्रद्धा का केंद्र है, इसे गेस्ट हाउस या सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।

उन्होंने सड़कों की मरम्मत, शौचालय, पेयजल और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की भी मांग की। मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि राज्य सरकार झारखंड के संभावित पर्यटन स्थलों के विकास के लिए कार्य कर रही है।

इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी किया गया।

जेआरडीसीएल पर बरसे आसपा नेता सनत सिंह सरदार, बोले – सड़क सुरक्षा और स्वच्छता नियमों की उड़ाई जा रही धज्जियां

जेआरडीसीएल पर बरसे आसपा नेता सनत सिंह सरदार, बोले – सड़क सुरक्षा और स्वच्छता नियमों की उड़ाई जा रही धज्जियां

08 नवंबर 2025 : आज़ाद समाज पार्टी (आसपा) के नेता सनत सिंह सरदार ने जेआरडीसीएल कंपनी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कंपनी सड़क सुरक्षा और स्वच्छता नियमों की पूरी तरह अनदेखी कर रही है।

सरदार ने बताया कि होटल पारस से उषा मोड़ तक सड़क किनारे कचरे का अंबार लगा है, जबकि पूरे क्षेत्र से कचरा उठाने के लिए केवल एक ट्रैक्टर-ट्रॉली लगाई गई है। इससे समय पर सफाई नहीं हो पाती और आसपास का इलाका बदबू व प्रदूषण से भर गया है। उन्होंने कहा कि “प्रदूषण घटने के बजाय बढ़ रहा है और स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।”

उन्होंने आगे बताया कि डीबीसी मोड़, मंगलम और केंदूगाछ के पास सर्विस रोड की हालत भी खराब है—जगह-जगह गड्ढे और टूटे हिस्से लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।

इसके अलावा, सड़क लाइटें भी दुरुस्त नहीं हैं। “कुछ लाइटें जलती हैं, कुछ नहीं। अंधेरे में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है, लेकिन जेआरडीसीएल अधिकारी लापरवाह बने हुए हैं,” उन्होंने कहा।

अंत में सनत सिंह सरदार ने जिला प्रशासन से जेआरडीसीएल की लापरवाही पर तुरंत कार्रवाई की मांग की, साथ ही कहा कि जनता की सुरक्षा और स्वच्छता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में “वंदे मातरम” गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित

भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में “वंदे मातरम” गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित

भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में शुक्रवार को “वंदे मातरम” गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने की। कार्यकर्ताओं ने माँ भारती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और सामूहिक रूप से “वंदे मातरम” गीत गाया, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति की भावना से गूंज उठा।

वक्ताओं ने “वंदे मातरम” के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह गीत 1875 में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने लिखा था, जो भारत की आत्मा और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। 1905 के बंग-भंग आंदोलन में यह गीत स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा बना और स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद इसे राष्ट्रीय गीत का दर्जा मिला।

जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने कहा कि “वंदे मातरम” केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और आत्मगौरव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर आने वाले दिनों में विद्यालयों, महाविद्यालयों और पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि “वंदे मातरम” की गौरवगाथा हर नागरिक तक पहुँचे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और “भारत माता की जय” के नारों के साथ हुआ। इस दौरान पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, जिला महामंत्री प्रताप कटियार महतो, अभियान संयोजक रूप सिंह दास, महिला मोर्चा प्रमंडलीय प्रभारी सुमन गागराई, एसटी मोर्चा जिला अध्यक्ष तीरथ जमुदा, जय किशन विरूली सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।