चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में आगामी पर्व-त्योहार को देखते हुए जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्री धनेश्वर हेम्ब्रम ने चाईबासा शहर के पोस्ट ऑफिस चौक और सदर बाजार क्षेत्र में रेस्टोरेंट तथा ठेला-खोमचा सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान 7 दुकानों में फूड लाइसेंस या पंजीकरण नहीं पाया गया। संबंधित दुकानदारों को निर्धारित समय के भीतर लाइसेंस या पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में छेना का खाद्य नमूना भी संग्रहित किया गया। अमित पोद्दार और शिवा महतो के प्रतिष्ठान में खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंग पाए जाने पर सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया और दोनों को सख्त चेतावनी दी गई।

इसके अलावा घुगनी, आलू चोखा, इमली की चटनी, टमाटर की चटनी, आलू मसाला और जलेबी सहित अन्य खाद्य सामग्री की ऑन-द-स्पॉट जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानों में स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, साफ पानी के उपयोग और कर्मचारियों द्वारा एप्रन, ग्लव्स तथा हेडगियर पहनने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।







