Blog

अवैध बालू खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग – नोवामुंडी में झारखंड आंदोलनकारियों की बैठक

अवैध बालू खनन पर सख्त कार्रवाई की मांग – नोवामुंडी में झारखंड आंदोलनकारियों की बैठक

जगन्नाथपुर : गुरुवार को झारखंड आंदोलनकरियों की बैठक नोवामुंडी फूट प्लाजा परिसर में पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा की अध्यक्षता में संपन्न हुई l बैठक में जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के गुमुरिया, मुंडूई नदी घाट से अवैध खनन धड़ल्ले से होने और पुलिस प्रशासन, खनन विभाग के द्वारा चुप्पी रहने पर चिंता व्यक्त किया है l पूर्व विधायक सह झारखण्ड आंदोलनकारी मंगल सिंह बोबोंगा ने कहा कि जिला के सताधारी दल और विपक्ष दल बैठे हुए राजनीतिक नेताओं के संरक्षण एवं देख रेख में जिला प्रशासन को बालू की अवैध का बिना रोक टोक के काला बाजारी की जा रही है l बालू के इस अवैध कारोबार से क्षेत्र में आम उपभोक्ताओं को घर, मकान बनाने के लिये बालू का मनमानी दाम देना पड़ रहा है l पूर्व विधायक श्री बोबोंगा ने कहा की बिगत दो सप्ताह पहले मुंडूई गाँव निवासी दीपक प्रधान जो कि बालू का अवैध खनन विरोध करता था और उसका वीडियो बनाता था, बालू माफियाओं ने अपने गाड़ीयों से कुचल हत्या कर दी गई है, जिसको दुर्घटना का संज्ञा दी जा रही है, यह जाँच का विषय है l आगे कहा कि दीपक प्रधान ट्रैक्टर हत्याकांड और बालू चोरी रोकने के लिये झारखण्ड आंदोलनकारी पूरी मजबूती के साथ जनता के लिये लड़ाई लड़ने को तैयार है l बैठक में झारखण्ड आंदोलनकारी नवाज हुसैन उर्फ बिरसा, मंजीत कोड़ा, राजेंद्र बालमुचू, कांडे बालमुचू, लक्ष्मण बालमुचू, सीताराम लागुरी, कृष्णा सिंकु आदि उपस्थित थे l

बिहार में फिर बनी नीतीश सरकार — 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ

बिहार में फिर बनी नीतीश सरकार — 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ

पटना : जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गुरुवार को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

74 वर्षीय नीतीश कुमार पहली बार वर्ष 2000 में मुख्यमंत्री बने थे, हालांकि उस समय उनकी सरकार केवल 8 दिनों तक ही चली। इसके बाद वे 2005 से 2014 तक लगातार मुख्यमंत्री रहे। 2014 में लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने इस्तीफा दिया, लेकिन कुछ महीनों बाद सत्ता में वापसी की। जनवरी 2024 में NDA में शामिल होने के बाद उन्होंने पिछली बार शपथ ली थी।


सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा बने डिप्टी सीएम

शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी नेताओं सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इनके अलावा लखेंद्र कुमार रौशन, श्रेयसी सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार, संजय कुमार, दीपक प्रकाश, लेसी सिंह, नितिन नबीन, मदन साहनी, राम कृपाल यादव, संतोष कुमार सुमन, मोहम्मद जमा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद सहित कुल 20 से अधिक विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली।


बड़े नेताओं की मौजूदगी

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा सहित एनडीए के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।


इनके अलावा इन राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल रहे:

योगी आदित्यनाथ (उत्तर प्रदेश)

मोहन यादव (मध्य प्रदेश)

पुष्कर सिंह धामी (उत्तराखंड)

भूपेंद्र पटेल (गुजरात)

प्रमोद सावंत (गोवा)

चंद्रबाबू नायडू (आंध्र प्रदेश)

भजनलाल शर्मा (राजस्थान)

देवेंद्र फडणवीस (महाराष्ट्र)


नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने कहा, “मैं अपने पिता को 10वीं बार CM पद की शपथ लेने पर बधाई देता हूं। जनता ने हमें उम्मीद से ज्यादा समर्थन दिया। हम जनता के आभारी हैं।”

बिहार की राजनीतिक तस्वीर एक बार फिर बदल गई है और अब सबकी निगाहें नई सरकार के कामकाज पर टिकी होंगी।

लाईलोर पंचायत में अपूर्ण उप स्वास्थ्य केंद्र पर कार्रवाई की मांग — भारत आदिवासी पार्टी का दौरा

लाईलोर पंचायत में अपूर्ण उप स्वास्थ्य केंद्र पर कार्रवाई की मांग — भारत आदिवासी पार्टी का दौरा

मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष सुशील बारला ने लाईलोर पंचायत के एकदिवसीय दौरे के बाद प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मनोहरपुर प्रखण्ड पंचायत लाईलोर के ग्राम पंचपहिया में वर्ष 2013-14 से उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन आज तक यह पूरी तरह से तैयार नहीं हो सका है।

स्वास्थ्य केंद्र भवन के अभाव में एक छोटे से कमरे में चिकित्सा कार्य चल रहा है, जिससे बरसात के दिनों में मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने कई बार उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं की गई।

आज भारत आदिवासी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनके नेतृत्व में अपूर्ण उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि भवन जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुंच चुका है और इसे तुरंत पूरा करवाना आवश्यक है।

जिलाध्यक्ष सुशील बारला ने जिला प्रशासन से अनुरोध किया कि अपूर्ण स्वास्थ्य भवन को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए तथा निर्माण को अधूरा छोड़ने वाले संवेदक के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

हाटगमरिया प्रखंड – मुखिया जयप्रकाश लगुरी ने लगाए गए आरोपों को बताया निराधार

हाटगमरिया प्रखंड – मुखिया जयप्रकाश लगुरी ने लगाए गए आरोपों को बताया निराधार

पश्चिम सिंहभूम : हाटगमरिया प्रखंड के मुखिया श्री जयप्रकाश लगुरी ने कुशमिता पंचायत पर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि कुछ विरोधी तत्व बिना सत्य और जानकारी के गलत आरोप लगाकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

गौरतलब है कि चार दिन पहले कुशमिता पंचायत में मनरेगा से जुड़ी योजनाओं को लेकर चार–पांच अज्ञात ठेकेदारों पर अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए गए थे। इन आरोपों का खंडन करते हुए मुखिया लगुरी ने कहा कि पंचायत में हर सरकारी योजना की जानकारी घर-घर जाकर दी जाती है। इसके बावजूद कुछ लोग जानकारी के अभाव में पंचायत को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि AESP ID जैसे एयरटेल पेमेंट बैंक, पोस्ट पेमेंट बैंक, फिनो पेमेंट बैंक आदि का उपयोग केवल लाभुकों के हित में किया जाता है। लेकिन कुछ लोग बिना जानकारी के इन सेवाओं को लेकर गलत तरीके से अफवाह फैला रहे हैं।

मुखिया ने कहा कि पंचायत की कार्यप्रणाली पूरी तरह पारदर्शी है, और सभी योजनाएं नियमों के अनुसार संचालित की जा रही हैं।

झामुमो देगा साथ — पश्चिमी सिंहभूम में “आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार” अभियान की तैयारी तेज

झामुमो देगा साथ — पश्चिमी सिंहभूम में “आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार” अभियान की तैयारी तेज

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में राज्य सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार” को व्यापक रूप से सफल बनाने के लिए झामुमो जिला समिति सक्रिय हो गई है।
झामुमो जिला सचिव राहुल आदित्य ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में शुरू किए गए इस जनकल्याणकारी अभियान के तहत सरकार की विभिन्न योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में पार्टी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

राज्य सरकार ने कार्यक्रम की तिथि 21 नवंबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 निर्धारित की है। इस दौरान जिले के सभी प्रखंड, नगर, पंचायत और वार्ड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे।

झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम के निर्देश पर जिले भर के सभी झामुमो कार्यकर्ताओं और नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनसे कहा गया है कि वे अपने-अपने गांवों और क्षेत्रों से लोगों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

सूचना पार्टी के केंद्रीय सदस्यों, जिला पदाधिकारियों, वर्ग संगठन, प्रखंड/नगर प्रतिनिधियों, पंचायत/वार्ड पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं को भेजी गई है। सभी को अपने क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य:
सरकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना और आम जनों को सीधे लाभ दिलाना।

पश्चिमी सिंहभूम में अभियान को लेकर तैयारी तेज हो गई है और झामुमो ने इसके लिए जमीनी स्तर पर रणनीति बनानी शुरू कर दी है।

आजाद समाज पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक — 30 नवंबर के कार्यक्रम की तैयारियां शुरू

आजाद समाज पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक — 30 नवंबर के कार्यक्रम की तैयारियां शुरू

जमशेदपुर : आजाद समाज पार्टी ने “संवैधानिक अधिकार बचाओ, भाईचारा बनाओ” विषय पर फैशन वर्ल्ड, साकची में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में आगामी 30 नवंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष परवेज़ खालिद ने की। इस अवसर पर कार्यकारी जिला अध्यक्ष शमीम अक्राम, पूर्व युवा जिला अध्यक्ष माजहर खान, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद फ़ैयाज़ आलम और मोहम्मद राशिद खान, संगठन प्रभारी एवं सह जिला मीडिया प्रभारी परमबीर पात्रो, जिला प्रभारी सनत सिंह सरदार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।

इसके अलावा सदस्य पर्वेज़ अली, जेमेल, रोनी खान, रज़ाक, ओसामा, सालाउद्दीन, जिला सचिव आफताब अली उर्फ लाडले, सदस्य साहिद, मिशन 78 अध्यक्ष दिनेश गौतम, मीडिया प्रभारी अनस खान, राशिद अली, राजू मुखी और मोहम्मद मुकिम ने भी बैठक में सक्रिय रूप से भाग लिया।

बैठक के दौरान कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए रणनीति तैयार की गई। कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था, प्रतिभागियों की सूची, मीडिया कवरेज और प्रचार-प्रसार के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सभी सदस्यों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

जिला अध्यक्ष परवेज़ खालिद ने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य समाज में भाईचारा मजबूत करना और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने सभी सदस्यों से आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग की अपील की।

बैठक के अंत में कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया, और सभी सदस्यों ने इसकी सफलता को लेकर अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

जगन्नाथपुर कांग्रेस कार्यालय में इंदिरा गांधी की जयंती मनाई गई

जगन्नाथपुर कांग्रेस कार्यालय में इंदिरा गांधी की जयंती मनाई गई

जगन्नाथपुर : जगन्नाथपुर कांग्रेस प्रखंड कार्यालय में भारत की पूर्व प्रधानमंत्री और “आयरन लेडी” स्व. इंदिरा गांधी की जयंती समारोहपूर्वक आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष श्री ललित कुमार दोराईबुरु ने की।

कार्यक्रम में युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष श्री सुशील कुमार हेस्सा ने इंदिरा गांधी को देश की सबसे प्रभावशाली और दूरदर्शी नेताओं में से एक बताते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, विज्ञान व तकनीक जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक निर्णय लिए, जिनका प्रभाव आज भी राष्ट्र की प्रगति में देखा जा सकता है।

प्रखंड महासचिव क्रांति तिरिया, रंजीत गागराई और राजू हेंब्रम ने भी उनके जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

जयंती समारोह में जिला महासचिव आबिद हुसैन, आफताब आलम, वरिष्ठ कांग्रेसी सोमनाथ सिंकु, युवा कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सुशील कुमार हेस्सा, रंजीत गागराई, क्रांति तिरिया, रोशन पान, राजू हेंब्रम, सागर लागुरी, सनातन सिंकु, शाहरुख अली, किंगसन सिंकु, बबलू गोप, प्रकाश गोप, अनिल हाईबुरू और डबलू भैया सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ कांग्रेसी हरीश चन्द्र पान द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

पोस्ट ऑफिस कर्मचारी की सड़क दुर्घटना में मौत, पुलिस जांच में जुटी

पोस्ट ऑफिस कर्मचारी की सड़क दुर्घटना में मौत, पुलिस जांच में जुटी

सरायकेला : आमदा शाखा डाकघर (SO) में कार्यरत एक कर्मचारी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त 2025 को वह मोटरसाइकिल से गिरकर मौके पर ही मौत का शिकार हो गया। मृतक पिछले लगभग एक वर्ष से डाकघर से लेटर लाने-ले जाने का काम कर रहा था और मूल रूप से तेलंगाना का निवासी बताया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, 18 नवंबर 2025 को सरायकेला में आयोजित एक मीटिंग में भाग लेने के बाद वह शाम को घर लौटा। बाद में उसने अपने साथियों के साथ शराब का सेवन किया। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच रेगाडीह से संकोडीह की ओर जाते समय उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वह गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई। पुलिस और पोस्ट ऑफिस विभाग ने मामले की पुष्टि की है और घटना की जांच जारी है। स्थानीय स्तर पर इस घटना से शोक की लहर है।

मनीपुर गांव में अवैध निर्माण का आरोप, जमीन बचाने की मांग

मनीपुर गांव में अवैध निर्माण का आरोप, जमीन बचाने की मांग

चक्रधरपुर : मनीपुर गांव में अविभाजित खतियानी जमीन पर जबरन निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम मनीपुर, मनोहरपुर के निवासी श्रीमती आशा चाण्डिल और श्रीराम साण्डिल ने बुधवार को पोटाहाट चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) को लिखित आवेदन देकर त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है।

आवेदकों ने बताया कि मनोहरपुर मौजा, राजस्व थाना संख्या 90, हल्का संख्या 7, खाता संख्या 202 और प्लॉट संख्या 2306 की जमीन उनके संयुक्त अविभाजित खतियानी रैयत स्व. गोपाल चाण्डिल के नाम दर्ज है। उनका आरोप है कि मेदासाई निवासी कार्तिक गोप (पिता स्व. विध्याधर गोप) इस जमीन पर जबरन घर निर्माण करा रहे हैं, जबकि जमीन न तो कभी विभाजित हुई है और न ही बेची गई है।

पीड़ितों का कहना है कि अवैध निर्माण रोकने के लिए संबंधित अंचल अधिकारी को आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बावजूद कार्तिक गोप द्वारा तेजी से निर्माण कार्य जारी है, जिससे उन्हें अपनी पुश्तैनी भूमि खोने का खतरा बढ़ गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि यह जमीन CNT एक्ट के अंतर्गत आती है, जिसमें अवैध हस्तांतरण या निर्माण पूरी तरह प्रतिबंधित है। दोनों आवेदकों ने एसडीओ से अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि वे अपनी पुश्तैनी जमीन से वंचित न हों।

हीरो शहीद देवेंद्र माझी मेमोरियल महिला फुटबॉल व पुरुष हॉकी प्रतियोगिता सम्पन्न — सांसद व विधायक ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन

हीरो शहीद देवेंद्र माझी मेमोरियल महिला फुटबॉल व पुरुष हॉकी प्रतियोगिता सम्पन्न — सांसद व विधायक ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन

सोनुवा : गुदड़ी प्रखंड के सुदूर राजगांव में झामुमो प्रखंड कमेटी द्वारा आयोजित वीर शहीद देवेंद्र माझी मेमोरियल पांच दिवसीय महिला फुटबॉल एवं पुरुष हॉकी प्रतियोगिता समापन हुआ। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी उपस्थित रहे।

महिला फुटबॉल प्रतियोगिता


फाइनल मुकाबला संत अगस्तीन गुदड़ी और जीलब जोलोब पंडुवा के बीच खेला गया। निर्धारित समय में कोई भी टीम गोल नहीं कर पाई, जिसके बाद पेनाल्टी शूटआउट कराया गया। पेनाल्टी में संत अगस्तीन की टीम विजेता बनी। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

पुरुष हॉकी प्रतियोगिता


पुरुष हॉकी का फाइनल मुकाबला ओजी मिलन क्लब ओलोंगेर और जीईएलबीके जूनियर के बीच खेला गया। पेनाल्टी शूटआउट में ओजी मिलन क्लब विजेता बना। टीम को 15,000 रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता टीम को 10,000 रुपये और ट्रॉफी दी गई।

इससे पहले सांसद और विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और कहा कि खेल के क्षेत्र में भी कैरियर बनाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने महिलाओं की खेलों में भागीदारी को सकारात्मक बताया। विधायक जगत माझी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में कमरोडा के मुखिया दाउद बरजो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सुनील बुढ़, मानकी बिरसा बरजो, गुदड़ी थाना प्रभारी सुदर्शन मिंज सहित अनेक खेलेप्रेमी उपस्थित थे।