सरायकेला : सीएचसी गम्हरिया के औचक निरीक्षण में मिली अव्यवस्था, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

सरायकेला | उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गम्हरिया एवं बीपीएचयू गम्हरिया का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई, दवा भंडारण, वार्ड व्यवस्था, पेयजल, बिजली, जनरेटर, लैब सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की गहन जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर एवं स्टोर रूम में बड़ी मात्रा में अनुपयोगी सामान और अव्यवस्था पाए जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा जनरेटर एवं अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को अविलंब दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

Admissions Open | Contact : +91 9899613747

दवा स्टॉक रूम की जांच में एक्सपायर एवं जल्द एक्सपायर होने वाली दवाएं मिलने पर उपायुक्त ने गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी को टीम गठित कर पूरे स्टोर रूम की जांच, स्टॉक मिलान एवं भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश दिया। साथ ही जर्जर एवं अनुपयोगी सामग्रियों की सूची तैयार कर नियमानुसार नीलामी प्रक्रिया संचालित करने तथा एक्सपायर दवाओं के सुरक्षित निष्पादन को सुनिश्चित करने को कहा।

Book your slot today : +91 7250214782

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सीएचसी एवं बीपीएचयू में उपलब्ध सभी निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं की सूची प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित की जाए, ताकि आम लोगों को जांच, दवा वितरण, ब्लड टेस्ट, यूरिन टेस्ट एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी आसानी से मिल सके। इसके लिए अस्पताल परिसर में बड़े सूचना पट्ट एवं बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई कर्मी रोस्टर के अनुसार समय पर ड्यूटी नहीं करते हैं तथा रात्रि ड्यूटी में भी लापरवाही बरती जाती है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली में त्रुटियां पाए जाने तथा अनुपस्थित कर्मियों को शोकॉज जारी करते हुए एक दिन के वेतन कटौती का निर्देश दिया गया। इसके अलावा तीन वर्ष से अधिक समय से एक ही स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित चिकित्सकों एवं कर्मियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू करने तथा डेपुटेशन पर कार्यरत कर्मियों को मूल कार्यस्थल पर वापस भेजने के निर्देश भी दिए गए।

Book your slot today : +91 7250214782

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा किसी प्रकार की अवैध राशि की मांग नहीं की जाती है।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

By maskal.news

You May Also Like