सरायकेला-खरसावां | जिला पंचायती राज पदाधिकारी सह कुकड़ू प्रखंड के वरीय पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव ने शनिवार को कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत विभिन्न विकास योजनाओं एवं सरकारी संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, पीडीएस दुकान, उप स्वास्थ्य केंद्र तिरूलडीह तथा पंचायत भवन का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण तथा समयबद्ध तरीके से कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आम लोगों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

उप स्वास्थ्य केंद्र तिरूलडीह के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। वहीं पीडीएस दुकान के निरीक्षण के दौरान लाभुकों को निर्धारित मात्रा में एवं तय समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

