नोवामुंडी | नोवामुंडी स्थित डीवीसी डूकासाई के आदिवासी एसोसिएशन क्लब में संविधान निर्माता Dr. B. R. Ambedkar की 135वीं जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों और स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।

यह आयोजन अनुसूचित जाति कल्याण संघ, नोवामुंडी के तत्वावधान में समाज अध्यक्ष कृष्णा करुवा के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जबकि मंच संचालन समाज के सचिव नितेश कुमार करुवा ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा डॉ. अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर बाली झोर पंचायत के मुखिया रवि सामड, ग्रामीण मुंडा गसवा बारजो, महिला आजीविका संगठन की प्रतिनिधि एवं नोवामुंडी बस्ती अध्यक्ष पूनम देवी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अतिथियों ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और विचारों पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही “जय भीम” के नारों के बीच शिक्षा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के बीच भाषण, चित्रकला, गायन एवं नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
अंत में समाज अध्यक्ष कृष्णा करुवा ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में समाज के कई सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

