सरायकेला | सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड स्थित तुमुंग गांव के श्री श्री राधा गोविंद मंदिर परिसर में चल रहे धार्मिक अनुष्ठान के तहत शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में 108 महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भाग लिया।

कलश यात्रा की शुरुआत तुमुंग तालाब से विधि-विधान के साथ हुई। महिलाएं और श्रद्धालु जल भरकर भजन-कीर्तन करते हुए मंदिर परिसर तक पहुंचे। इस दौरान पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा और सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

शाम को ‘गंधा दिवस’ के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। वहीं रात में सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत सिनी मोहितपुर से आई दीपक पाला कीर्तन मंडली ने भक्ति संगीत और पाला कीर्तन की प्रस्तुति दी, जिससे श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे।

आयोजन समिति के अनुसार, यह धार्मिक अनुष्ठान कई दिनों तक चलेगा, जिसमें विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

