चाईबासा | कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के अंतर्गत स्नातक चार वर्षीय पाठ्यक्रम (FYUGP), सत्र 2026–30 तथा स्नातक वोकेशनल कार्यक्रम, सत्र 2026–29 में नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल 24 अक्टूबर 2026 से खोला जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय के डीन, अकादमिक अफेयर्स डॉ. संजय यादव द्वारा जारी सूचना के अनुसार, झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) के इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम तथा महाविद्यालयों से प्राप्त आवेदनों के आलोक में नामांकन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

कंपार्टमेंटल परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों को भी मिलेगा मौका
कोल्हान विश्वविद्यालय ने इंटरमीडिएट कंपार्टमेंटल परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थियों को भी स्नातक में नामांकन के लिए विशेष अवसर प्रदान किया है। ऐसे विद्यार्थी भी निर्धारित समय सीमा के भीतर चांसलर पोर्टल के माध्यम से FYUGP सत्र 2026–30 एवं स्नातक वोकेशनल कार्यक्रम सत्र 2026–29 में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे नामांकन प्रक्रिया को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ आवेदन करें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर विषय एवं महाविद्यालय का चयन करने की सलाह दी।
कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों को आवेदन से पहले APAAR ID, ABC ID तथा आरक्षित श्रेणी से संबंधित प्रमाण पत्रों सहित सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को सुचारु, पारदर्शी और अवसरपरक नामांकन प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

29 अक्टूबर से जारी होगी मेधा सूची
विश्वविद्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन 24 से 28 अक्टूबर तक किए जा सकेंगे। मेधा सूची का प्रकाशन 29 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक संबंधित महाविद्यालयों की वेबसाइट एवं नोटिस बोर्ड पर किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों का नामांकन भी इसी अवधि में होगा।
विद्यार्थियों को चांसलर पोर्टल “www.universities.jharkhand.gov.in” (https://www.universities.jharkhand.gov.in) के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन शुल्क 25 रुपये प्रति विषय निर्धारित किया गया है। विद्यार्थी एक से अधिक महाविद्यालयों में आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने सलाह दी है कि विद्यार्थी अपने पसंदीदा विषय के साथ अन्य उपलब्ध विषयों में भी आवेदन करें, ताकि सीटों की सीमित उपलब्धता की स्थिति में उनके पास वैकल्पिक अवसर रहें।

CUET अनिवार्य नहीं, 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी कर सकते हैं आवेदन
नामांकन के लिए इंटरमीडिएट (10+2) उत्तीर्ण विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए CUET परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य नहीं है। वर्तमान सत्र में सभी महाविद्यालयों में विषयवार सीटें निर्धारित की गई हैं। इसलिए नामांकन उपलब्ध सीटों और निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत विद्यार्थियों को अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप विषय चुनने की सलाह दी गई है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि इस सत्र में Botany और Zoology के स्थान पर Life Science विषय उपलब्ध कराया गया है। ऐसे विद्यार्थी, जो Botany या Zoology में नामांकन लेना चाहते हैं, उन्हें चांसलर पोर्टल पर Life Science विषय का चयन करना होगा।

APAAR ID और ABC ID रखना जरूरी
विश्वविद्यालय के निर्देश के अनुसार, विद्यार्थियों को आवेदन एवं पंजीकरण के दौरान APAAR ID (Automated Permanent Academic Account Registry) और ABC ID (Academic Bank of Credits) का विवरण उपलब्ध कराना होगा। जिन विद्यार्थियों ने अब तक ये आईडी नहीं बनवाई हैं, वे DigiLocker के माध्यम से इन्हें बनवा सकते हैं। ABC ID से संबंधित जानकारी “www.abc.gov.in” (https://www.abc.gov.in) पर भी उपलब्ध है। नामांकन प्रक्रिया में APAAR ID अनिवार्य होगी।

आरक्षित श्रेणी के विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देना होगा
SC, ST, BC-I, BC-II और EWS श्रेणी के तहत आरक्षण का लाभ लेने वाले विद्यार्थियों को झारखंड सरकार के सक्षम पदाधिकारी द्वारा जारी संबंधित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। विद्यार्थियों को आवेदन में अपनी आरक्षण श्रेणी की सही जानकारी भरने और आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने का निर्देश दिया गया है।
विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को आगाह किया है कि आवेदन में दर्ज सभी जानकारियां प्रमाणित दस्तावेजों के अनुरूप होनी चाहिए। दस्तावेज सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की गलत जानकारी मिलने पर संबंधित विद्यार्थी के नामांकन पर विचार नहीं किया जा सकेगा। साथ ही, महाविद्यालयों को झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित विषयवार सीटों और नामांकन संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना होगा।

