चक्रधरपुर | पश्चिमी सिंहभूम जिले में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने चक्रधरपुर शहर का भ्रमण कर विभिन्न पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों और विसर्जन घाटों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा प्रबंधों, श्रद्धालुओं के आवागमन, भीड़ नियंत्रण और प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पोड़ाहाट-चक्रधरपुर की अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, चक्रधरपुर नगर परिषद के अध्यक्ष सन्नी उरांव, उपाध्यक्ष विजय कुमार साव, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
उपायुक्त मनीष कुमार ने नगर परिषद कार्यालय परिसर स्थित पूजा पंडाल, पुरानी बस्ती के आदि शक्ति पूजा पंडाल, शीतला मंदिर पूजा पंडाल और भगत सिंह चौक स्थित पूजा पंडाल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उन्होंने पंडालों में प्रवेश और निकास द्वार, संभावित भीड़ को नियंत्रित करने की योजना, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रवेश और निकास की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिससे भीड़ का अनावश्यक जमाव न हो और आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

उन्होंने पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त करने तथा पूरे त्योहार के दौरान सतत निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
पवन चौक से भगत सिंह चौक तक पैदल भ्रमण
पूजा पंडालों के निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने शहर के प्रमुख स्थल पवन चौक का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पवन चौक से पुराना रांची रोड होते हुए भगत सिंह चौक तक पैदल भ्रमण किया और मार्ग की स्थिति तथा पूजा के दौरान संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

इस दौरान प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर श्रद्धालुओं के आवागमन एवं भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो। इसके लिए आवश्यकतानुसार उचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
विसर्जन घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश
शहर के प्रमुख पूजा पंडालों और मार्गों के निरीक्षण के बाद उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर थाना चौक घाट और बलिया घाट का भी जायजा लिया। उन्होंने घाटों पर उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विसर्जन स्थलों पर भीड़ का सुव्यवस्थित प्रबंधन, सुरक्षित आवागमन और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

