मनोहरपुर | किसान समृद्धि योजना के तहत शनिवार को मनोहरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में 11 किसानों के बीच सोलर पंप सेट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी उपस्थित रहीं। उन्होंने लाभुक किसानों को सोलर पंप सेट प्रदान करते हुए कृषि कार्यों को बढ़ावा देने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की अपील की।

इस दौरान सुगड़ सलीम चेरवा, नादो चेरवा, अजीत चेरवा, विश्राम चेरवा, प्रतिमा महतो, गंगाराम तिर्की, छगन लाल महतो, सोनाराम तिर्की, राजेश महतो, मोहन कुम्हार और मेजरीन सिंदरी को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप सेट दिए गए।

मौके पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि मनोहरपुर क्षेत्र के किसान मेहनती हैं और यहां कृषि की अपार संभावनाएं हैं। सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध होने से खेती को और अधिक उन्नत बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सोलर पंप सेट किसानों के लिए उपयोगी साबित होंगे और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

सांसद ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सोलर पंप वितरण का लक्ष्य बढ़ाने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने ग्रामीणों से कृषि कार्यों से जुड़ने और खेती को आजीविका का मजबूत साधन बनाने की अपील करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में कई योजनाएं संचालित कर रही है। किसानों को इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाना चाहिए, ताकि कृषि उत्पादन बढ़ने के साथ उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो सके।

कार्यक्रम के दौरान संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधियों ने लाभुक किसानों को सोलर पंप सेट के संचालन और उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर बीडीओ शक्ति कुंज, सीओ प्रदीप कुमार, उप प्रमुख दीपक एक्का, मुखिया पूजा कुजूर, अशोक बांदा, बीटीएम बंदना उरांव, चंचल रवानी, विक्रम सिंह, अजहर अली, मोहम्मद उमर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, लाभुक किसान और ग्रामीण उपस्थित थे।


