सरायकेला | मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग की संशोधित समय-सारिणी की जानकारी दी गई। साथ ही मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 10 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क सह चुनावी पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से मतदाताओं को मतदाता सूची से संबंधित जानकारी दी जाएगी। साथ ही नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और सूची में दर्ज त्रुटियों को दूर करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से एसआईआर-2026 की प्रगति, मतदाता सूची से संबंधित मामलों और आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पुनरीक्षण कार्य पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया।

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने अधिकारियों, बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) और अन्य संबंधित कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

बैठक में बताया गया कि 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष आउटरीच कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस दौरान बीएलओ 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग मतदाताओं के घर जाकर उनसे संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे। इसका उद्देश्य मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को सुचारु रूप से पूरा करने में आवश्यक सहयोग प्राप्त करना है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर को किया जाएगा। बैठक में सभी पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने तथा पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया गया।


