चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में स्पॉन्सरशिप योजना से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पुनीता तिवारी सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान स्पॉन्सरशिप योजना के तहत प्राप्त आवेदनों एवं संलग्न दस्तावेजों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के बाद निर्धारित पात्रता मानकों को पूरा करने वाले 145 योग्य बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ प्रदान करने की स्वीकृति दी गई।

शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य के लिए मिलेगा सहयोग
स्पॉन्सरशिप योजना मिशन वात्सल्य के तहत संचालित परिवार आधारित गैर-संस्थागत देखभाल की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसका उद्देश्य कठिन परिस्थितियों में रह रहे तथा देखभाल एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को उनके परिवार या विस्तारित परिवार के साथ सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से बच्चों की शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य एवं समुचित विकास के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
योजना का उद्देश्य बच्चों को अनावश्यक रूप से संस्थागत देखभाल में जाने से रोकते हुए परिवार एवं समुदाय के बीच सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में उनके विकास को सुनिश्चित करना है।

प्रति बच्चे ₹4,000 प्रतिमाह की सहायता
मिशन वात्सल्य के तहत स्पॉन्सरशिप योजना में पात्र बच्चों के लिए प्रति बच्चा ₹4,000 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता का प्रावधान है। यह राशि बच्चों की देखभाल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विकास से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में परिवार को सहयोग प्रदान करती है।

उपायुक्त मनीष कुमार ने पात्र बच्चों को योजना का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में कोई भी पात्र बच्चा अपने अधिकार एवं कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। यह जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को बच्चों के हित में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा योजना के लाभ की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन स्पॉन्सरशिप योजना के माध्यम से बच्चों के संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समग्र विकास को मजबूत करते हुए उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक एवं बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।


