रांची | राजधानी रांची स्थित ऑड्रे हाउस में आयोजित एक भव्य समारोह में सरायकेला-खरसावां जिले के वरिष्ठ शिक्षक, राज्य स्तरीय प्रशिक्षक, मोटिवेटर एवं समाजसेवी तरुण कुमार सिंह को “झारखंड श्री” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें देश के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के हाथों प्रदान किया गया। इस दौरान उन्हें प्रशस्ति पत्र, शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कई ख्यातिप्राप्त हस्तियों के साथ झारखंड सरकार के मंत्रीगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूरे राज्य से कुल 25 प्रतिभाओं को उनके उत्कृष्ट एवं विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया, जिनमें शिक्षा क्षेत्र से एकमात्र शिक्षक के रूप में तरुण कुमार सिंह का चयन हुआ।

तरुण कुमार सिंह विगत लगभग 30 वर्षों से शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे न केवल जिले बल्कि पूरे राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित नाम हैं। उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2017 में झारखंड सरकार द्वारा स्थापना दिवस पर “झारखंड रत्न” से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा वर्ष 2018 में “राज्य शिक्षक पुरस्कार” तथा वर्ष 2019 में राज्यपाल द्वारा “झारखंड विशेष सम्मान” भी प्रदान किया गया है।

नवाचारी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए उन्हें तत्कालीन शिक्षा मंत्री द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है। उनका नाम राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों के लिए भी कई बार जिला चयन समिति द्वारा नामित किया गया है।
कोरोना काल के दौरान उन्होंने ऑनलाइन कक्षाओं एवं शैक्षणिक सामग्री के माध्यम से विद्यार्थियों तक शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही, वे देश के विभिन्न राज्यों और जिलों का शैक्षणिक भ्रमण कर चुके हैं तथा कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय सेमिनारों में व्याख्यान दे चुके हैं।
सामाजिक क्षेत्र में भी उनका योगदान सराहनीय रहा है। वे बाल श्रम निषेध, बाल विवाह रोकथाम, डायन प्रथा उन्मूलन, जल एवं पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षारोपण जैसे अभियानों में सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। इसके अलावा, वे बच्चों के लिए करियर काउंसिलिंग एवं मोटिवेशनल कार्यक्रमों का नियमित संचालन भी करते हैं।

