रांची | झारखंड मंत्रालय में सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कोडरमा के हजारों छात्र-छात्राओं के हित से जुड़े एक महत्वपूर्ण मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

बैठक में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग से कोडरमा जिले के छात्रों को सर जे.सी. बोस विश्वविद्यालय, गिरिडीह से संबद्ध किए जाने के कारण कई समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने इस विषय पर विद्यार्थियों की शैक्षणिक सुविधाओं और प्रशासनिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस मामले में सकारात्मक पहल करेंगे।

इसके अलावा, मुलाकात के दौरान राज्य में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय सहित केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े अन्य विषयों पर भी दोनों नेताओं के बीच विस्तृत चर्चा हुई।

