चाईबासा | कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई ने शनिवार को टाटा कॉलेज, चाईबासा में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम चलाया। अभियान का नेतृत्व एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष अनीष गोप ने किया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक एवं आधारभूत समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अनीष गोप ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर छात्रों की आवाज लगातार दबाई जा रही है। उन्होंने प्रश्नपत्र लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, बढ़ते शैक्षणिक तनाव और छात्रों द्वारा आत्महत्या जैसी घटनाओं को गंभीर चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई इन सभी मुद्दों पर छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी समस्याओं को केंद्र सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक छात्र की समस्या को सुनना, उसका दस्तावेजीकरण करना और समाधान होने तक निरंतर संघर्ष करना है।

इस अवसर पर कांग्रेस के जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि देश का भविष्य विद्यार्थियों पर निर्भर करता है। यदि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध नहीं कराया जाएगा, तो यह आने वाली पीढ़ियों के साथ अन्याय होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगे भी छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक मंच पर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

उन्होंने आगे कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रहित की आवाज को जनआंदोलन का स्वरूप देने की पहल है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी एनएसयूआई के इस प्रयास का स्वागत किया और अपनी समस्याओं को खुलकर साझा किया।

Book your slot today : +91 7250214782
कार्यक्रम में एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष भुवनेश्वर तियू, सतीश बोदरा, सचिन बिरुवा, महासचिव आयुष हेस्सा, महेन्द्र सिंह देवगम, रत्ना तामसोय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

