राजनगर | जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से राजनगर थाना पुलिस ने सोमवार को विशेष जांच अभियान चलाया। थाना प्रभारी विपुल ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की।

अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, निबंधन प्रमाणपत्र (आरसी), प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन किया। साथ ही वाहनों की डिक्की और अन्य सामानों की भी तलाशी ली गई।

थाना प्रभारी विपुल ओझा ने बताया कि यह अभियान पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य चोरी, लूट, छिनतई, अवैध हथियारों की तस्करी, मादक पदार्थों के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

4 व्हीलर कार बुक करने के लिए +91 8002626576
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए नियमित रूप से गश्ती एवं जांच अभियान जारी रहेगा। पुलिस प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी ने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।

अभियान के दौरान क्षेत्र से गुजरने वाले वाहनों की गहन जांच की गई, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप देखा गया।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।


