चाईबासा | सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खूंटपानी के अंतर्गत ग्राम टेकरागुट्टू में मंगलवार, 3 जून 2026 को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को कीट जनित रोगों, विशेषकर मलेरिया एवं फाइलेरिया से बचाव के लिए अपनाए जाने वाले व्यक्तिगत एवं सामुदायिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सरल एवं सहज भाषा में ग्रामीणों को इन रोगों के लक्षणों की पहचान, समय पर जांच तथा पूर्ण उपचार के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि रोग की प्रारंभिक अवस्था में जांच और उपचार कराने से गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं से बचा जा सकता है।

चौपाल के दौरान मिशन उदय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में पहुंचकर आवश्यक स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं।

कार्यक्रम में जिला वीबीडी पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी खूंटपानी, वीबीडी सलाहकार, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम, एमपीडब्ल्यू, ग्राम की सहिया एवं ग्राम मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से स्वच्छता बनाए रखने, घर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई रखने तथा मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने की अपील की। साथ ही मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

