चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम जिले में “प्रोजेक्ट जागृति – बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” के अंतर्गत “स्वस्थ किशोरी, सशक्त समाज, उज्ज्वल झारखंड” की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से उपायुक्त श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में 1 जून से 15 जून 2026 तक मिशन उदय (UDAY – Ulgulan Against Disability and Anaemia in Young Adolescent Girls) संचालित किया जा रहा है।
यह अभियान समेकित स्वास्थ्य जांच प्रणाली पर आधारित है, जिसके माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को समुदाय स्तर तक पहुंचाने, रोगों की प्रारंभिक पहचान, समय पर उपचार तथा जन-जागरूकता को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही, आंगनबाड़ी केंद्रों पर तैनात सीएचओ एवं जीएनएम द्वारा जांच के दौरान चिन्हित विभिन्न रोगों से ग्रसित लोगों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मिशन उदय के तहत 1 जून से 6 जून 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित गतिविधियों के दौरान उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। इस अवधि में 1,232 आंगनबाड़ी केंद्रों के पोषक क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण की दिशा में 20,161 ABHA (आभा) आईडी का निर्माण तथा 2,318 आयुष्मान कार्डों का ई-केवाईसी कार्य पूरा किया गया।

स्वास्थ्य जांच के दौरान 455 व्यक्तियों में हीमोग्लोबिन की कमी, 2,270 व्यक्तियों में उच्च रक्तचाप तथा 1,463 व्यक्तियों में मधुमेह के संभावित मामलों की पहचान की गई। महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए 75 महिलाओं की स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर जांच भी की गई।

मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों के तहत 11,783 लोगों की जांच की गई, जिनमें 480 मलेरिया संक्रमित पाए गए। वहीं सर्वेक्षण एवं रोग पहचान अभियान के दौरान 515 व्यक्तियों में सात दिनों से अधिक अवधि की खांसी, 523 व्यक्तियों में 14 दिनों से अधिक अवधि की खांसी, 345 संभावित हाइड्रोसील मामलों तथा 165 त्वचा रोग संबंधी मामलों की पहचान की गई।
अभियान के दौरान 998 दिव्यांग व्यक्तियों की पहचान की गई, जिनमें से 617 लाभुकों के पास दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध पाया गया। इसके अतिरिक्त 132 कुपोषित बच्चों को भी चिन्हित किया गया। सिकल सेल कार्यक्रम के अंतर्गत 6,835 व्यक्तियों की जांच की गई, जिसमें 101 संभावित सिकल सेल प्रभावित व्यक्तियों की पहचान हुई। वहीं 16 गर्भवती महिलाओं में HIV एवं सिफिलिस (Syphilis) से संबंधित मामलों का पता चला।

मिशन उदय के तहत स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी गतिविधियों, रोग निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रमों, गैर-संचारी रोगों की जांच, सिकल सेल कार्यक्रम, दिव्यांगता एवं सामाजिक सुरक्षा गतिविधियों के साथ-साथ सामुदायिक सहभागिता और जन-जागरूकता कार्यक्रमों का भी व्यापक संचालन किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत ग्राम स्तरीय बैठकों, IEC/BCC गतिविधियों, स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों तथा VHSNC एवं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि मिशन उदय का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाते हुए रोगों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

