सरायकेला | सरायकेला-खरसावां जिले में आगामी 19 अप्रैल को झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा जिले के निर्धारित 8 केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न होगी। परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

जिले के परीक्षा केंद्रों के सेंटर कोड 1520 से 1527 तक निर्धारित किए गए हैं। इनमें एसई रेलवे इंटर कॉलेज, सीनी; डीएवी पब्लिक स्कूल, एनआईटी आदित्यपुर; वार्षेणी +2 हाई स्कूल, सीनी; सेंट फ्रांसिस डी सेल्स स्कूल, सरायकेला; सेंट्रल पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर; सरस्वती शिशु मंदिर हाई स्कूल, सरायकेला; श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन, दिंदली आदित्यपुर तथा केवीपीएसडीएसएस +2 गर्ल्स हाई स्कूल, सरायकेला शामिल हैं।

समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक मुकेश लूनायत की उपस्थिति में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, उड़न दस्ता टीम और केंद्र पर्यवेक्षकों के साथ बैठक आयोजित कर विस्तृत ब्रीफिंग दी गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि परीक्षा की गोपनीयता हर हाल में बनी रहनी चाहिए और सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी केंद्रों पर Do’s & Don’ts का स्पष्ट प्रदर्शन किया जाए तथा परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रोल नंबर, कक्ष संख्या सहित आवश्यक सूचनाएं प्रदर्शित की जाएं।
उन्होंने केंद्र अधीक्षकों को प्रत्येक कक्ष में घड़ी, पेयजल, शौचालय, बिजली, पंखा सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सेंट्रल सुपरिंटेंडेंट और उड़न दस्ता टीम को पूर्व निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि JPSC राज्य की महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षा है, जिसे शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है। सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा तथा मोबाइल, ब्लूटूथ जैसे प्रतिबंधित उपकरण पूरी तरह वर्जित रहेंगे। किसी भी तरह की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, निदेशक DRDA अजय तिर्की, जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेंद्र उरांव, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

