चाईबासा | वाहन चोरी के बाद उन्हें बेचने की फिराक में घूम रहे अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की 20 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत 25 से 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित रेनू को सूचना मिली थी कि नोवामुंडी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के उद्देश्य से घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर किरीबुरु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में नोवामुंडी, किरीबुरु और बड़ा जामदा थाना की पुलिस शामिल थी। इसी दौरान पूर्वी सिंहभूम जिले के सिदगोड़ा थाना की पुलिस भी एक वाहन चोर की तलाश में क्षेत्र में पहुंची हुई थी। इसके बाद दोनों जिलों की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया।

दो आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सोनू लोहरा उर्फ भोला (20 वर्ष), पिता राजेंद्र लोहरा, निवासी बिरसानगर जोन नंबर-3, थाना बिरसानगर, जिला पूर्वी सिंहभूम तथा राज पुरती (23 वर्ष), पिता चंद्र मोहन पुरती, निवासी टोटोंगढ़ा, थाना छोटानागरा, जिला पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।
आरोपियों की निशानदेही पर बरामद हुईं बाइकें
पुलिस के अनुसार, सोनू लोहरा की निशानदेही पर नोवामुंडी थाना क्षेत्र के डुकासाई गांव से पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इनमें JH05 AJ 6588, JH05 CR 0214, JH22 C 8993, JH01 DT 7489 और JH05 AF 1422 नंबर की बाइक शामिल हैं।

वहीं, राज पुरती की निशानदेही पर छोटानागरा थाना क्षेत्र के टोटोंगढ़ा गांव से नौ तथा किरीबुरु थाना क्षेत्र के टाटीबा बिरहोर टोला से छह मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस प्रकार कुल 20 चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।
न्यायिक हिरासत में भेजे जाएंगे आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों की पहचान करने में जुटी हुई है।

एसपी अमित रेनू ने बताया कि वाहन चोर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने इस सफल कार्रवाई के लिए संयुक्त पुलिस टीम की सराहना की।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
छापेमारी दल में किरीबुरु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनीत कुमार किंडो, पुलिस निरीक्षक नोवामुंडी बासुदेव मुंडा, नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार सिंह, किरीबुरु थाना प्रभारी रोहित कुमार, बड़ा जामदा ओपी प्रभारी बालेश्वर उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक पूर्णिमा कुमारी, सिदगोड़ा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक दानियल सांगा एवं सुशांत सुंडी, सहायक अवर निरीक्षक देवसरण महतो, आरक्षी ललन कुमार सांगा सहित नोवामुंडी, किरीबुरु और बड़ा जामदा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

