चक्रधरपुर | पश्चिमी सिंहभूम जिला परिवहन कार्यालय की ओर से सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर शुक्रवार को कब्रिस्तान रोड, चक्रधरपुर के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व मोटरयान निरीक्षक नेल्सन तिर्की एवं कृष्णा सोरेन ने किया।

जांच अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट तथा चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट के उपयोग की विशेष रूप से जांच की गई। इसके अलावा वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य कागजातों की भी जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से नियमानुसार जुर्माना वसूला गया।

मोटरयान निरीक्षक ने बताया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन चालकों की संख्या अधिक पाई जा रही है। अधिकांश मामलों में हेलमेट का उपयोग नहीं करने के कारण दुर्घटना के बाद मौतें हो रही हैं। उन्होंने लोगों से हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन करने की अपील की।

अभियान के दौरान कुल 24 वाहनों से ₹39,000 का जुर्माना वसूला गया। जिला परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर आगे भी इस प्रकार के जांच अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

