चाईबासा | भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जिला कार्यालय कांग्रेस भवन, चाईबासा में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमिटी, पश्चिमी सिंहभूम की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष Ranjan Boypai ने की। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का सक्रिय रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी प्रखंड, नगर और मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से मासिक बैठक आयोजित करें। उन्होंने कहा कि प्रखंड, नगर, पंचायत और मंडल स्तर पर हर माह बैठक होने से संगठनात्मक गतिविधियां लगातार चलती रहेंगी और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनेगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से केवल बैठकों तक सीमित न रहने, बल्कि आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता से सीधा जुड़ाव ही पार्टी को मजबूत करता है और यही कांग्रेस की पहचान रही है।
बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तथा कांग्रेस की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संभावित पदाधिकारियों से भी सुझाव लिए गए।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता Trishanu Ray ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल जनसंख्या की गिनती नहीं, बल्कि हर नागरिक की पहचान और अधिकार का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि सही आंकड़ों के आधार पर ही सरकार विद्यालय, अस्पताल, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की योजना बनाती है। उन्होंने लोगों से 15 मई तक स्व-गणना करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
बैठक में यूथ इंटक अध्यक्ष सुरेश सावैयां, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, ललित कुमार दोराईबुरु, सोनाराम कोड़ाह, सुरेश चंद्र सावैयां, सकारी दोंगो, नगर अध्यक्ष रमेश ठाकुर समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं प्रस्तावित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

