सरायकेला | सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग-2026 के तहत मंगलवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले गए दोनों मुकाबले रोमांच से भरपूर रहे। राजनगर और मुंडाटांड़ की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मैच 3-2 के समान अंतर से जीतकर पूरे अंक अर्जित किए।

पहले मुकाबले में खूंटपानी की टीम ने मैच के 8वें मिनट में गोल कर शुरुआती बढ़त हासिल की। हालांकि, राजनगर ने शानदार वापसी करते हुए 11वें, 29वें और 59वें मिनट में लगातार तीन गोल दागकर मुकाबले पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली।

खूंटपानी ने 58वें मिनट में दूसरा गोल कर मैच को रोमांचक बना दिया, लेकिन इसके बावजूद वह बराबरी नहीं कर सकी। अंततः राजनगर ने 3-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

दिन के दूसरे मुकाबले में मुंडाटांड़ ने हरिहरपुर को कड़े संघर्ष के बाद 3-2 से पराजित किया। मुंडाटांड़ की ओर से राजू बारी ने दो शानदार गोल किए, जबकि कुशल माझी ने एक गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की। वहीं, हरिहरपुर के कृष्णा सरदार ने दो गोल कर टीम की वापसी की भरपूर कोशिश की, लेकिन उनकी टीम हार टालने में सफल नहीं हो सकी।

दोनों मुकाबलों का संचालन रेफरी दशरथ हासदा, एन. सिंहदेव, संतोष महतो और शंकर सरदार ने किया।
15 जुलाई के मुकाबले (अर्जुना स्टेडियम, खरसावां)
दोपहर 2:00 बजे: सेरेगदा एफसी बनाम बीएमसी धोलूडीह
अपराह्न 3:30 बजे: कृष-11 जोजोडीह बनाम एंजेल एफसी सरगीडीह


