चाईबासा | पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने शनिवार को सोनुवा प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की प्रशासनिक कार्यप्रणाली, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, सेवा वितरण व्यवस्था तथा आमजन से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सर्वप्रथम प्रखंड एवं अंचल कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यालय संचालन व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों की स्थिति तथा नागरिक सेवाओं की उपलब्धता की विस्तार से समीक्षा की।

उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आम नागरिकों के लिए सरकारी कार्यालय केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं के समाधान का केंद्र होता है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पात्र लाभुकों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। साथ ही कार्यालय में आने वाले नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव एवं जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया।


