राज्य

चक्रधरपुर में बिरसा मुंडा जयंती पर सामुदायिक सेवा कार्यक्रम

चक्रधरपुर में बिरसा मुंडा जयंती पर सामुदायिक सेवा कार्यक्रम

चक्रधरपुर : भगवान बिरसा मुंडा की जयंती, झारखंड स्थापना दिवस के 25वें वर्ष और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुखिया संघ, चक्रधरपुर ने सामुदायिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती 87 मरीजों में फल वितरित किए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत मुखिया संघ के अध्यक्ष जंगल सिंह गागराई के नेतृत्व में आदिवासी मित्र मंडल द्वारा पोटका स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद अनुमंडल अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अंशुमन शर्मा की मौजूदगी में मरीजों को फल बांटे गए।

मुखिया संघ के सदस्यों ने प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। अध्यक्ष जंगल सिंह गागराई ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आदिवासी समाज के संघर्ष और उनके अधिकारों की रक्षा का प्रेरक स्रोत है।

कार्यक्रम में भरनियां पंचायत की मुखिया सरीता गागराई, गुलकेडा की लक्ष्मी केराई, आसनतलिया की कैरी बोदरा, चंद्री की सुरूमणी बारला, पदमपुर की समीना गागराई, इटोर के सोमनाथ कोया, कोलचकड़ा के अरविंद तिग्गा, समाजसेवी मंटू गागराई और दया सागर केराई उपस्थित थे।

खरसावां में ट्रेन दुर्घटना में महिला की मौत, झामुमो नेताओं ने व्यक्त की शोक संवेदना

खरसावां में ट्रेन दुर्घटना में महिला की मौत, झामुमो नेताओं ने व्यक्त की शोक संवेदना

खरसावां : खरसावां प्रखंड के शिमला पंचायत अंतर्गत जारका टोला की निवासी बिनीता सामांड की ट्रेन चपेट में आकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर झामुमो कार्यकर्ता उनके आवास पहुंचे और परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।

इस मौके पर खरसावां विधानसभा क्षेत्र विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, प्रखंड अध्यक्ष अरुण जामुदा, उपाध्यक्ष सुकरा महतो, सचिव सनगी हेंब्रम, दशरथ महतो, यशवंत प्रधान, केदार प्रधान, लालन तिवारी, राजेश दालबेहरा, नागेन सोय, प्रवीण ठाकुर सहित कई झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नर्मदा में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर प्रधानमंत्री ने वंशजों को किया सम्मानित

नर्मदा में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर प्रधानमंत्री ने वंशजों को किया सम्मानित

गुजरात : गुजरात के नर्मदा में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। गुजरात सरकार के विशेष आमंत्रण पर धरती आबा के वंशज श्री बुधराम मुंडा और श्री रवि मुंडा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने दोनों अतिथियों को सम्मानित कर भगवान बिरसा मुंडा की महान विरासत को नमन किया।

चाईबासा में झारखंड स्थापना दिवस और बिरसा मुंडा जयंती पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

चाईबासा में झारखंड स्थापना दिवस और बिरसा मुंडा जयंती पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के पिल्लई हॉल में झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री दीपक बिरुवा, प्रमंडलीय आयुक्त नेलसन एयोन बागे, जिला उपायुक्त चंदन कुमार और उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा सहित अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलन और भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की।

इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने झारखंड स्थापना दिवस थीम पर गीत, नृत्य और नाटक प्रस्तुत किए, जिसे सभी अतिथियों और दर्शकों ने सराहा।

सांस्कृतिक प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय चक्रधरपुर प्रथम, नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालिका आवासीय विद्यालय चाईबासा द्वितीय और राज्यकृत बालिका उच्च विद्यालय चाईबासा तृतीय स्थान पर रहे।

खैरबनी में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन, आदिवासी शिक्षा को नई दिशा

खैरबनी में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का उद्घाटन, आदिवासी शिक्षा को नई दिशा

राजनगर : जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर राजनगर प्रखंड अंतर्गत खैरबनी में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में चंपाई सोरेन शामिल हुए और आदिवासी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल को महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 42 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों का उद्घाटन किया, साथ ही 50 नए विद्यालयों का शिलान्यास भी किया।
भारत सरकार द्वारा संचालित ये विद्यालय आदिवासी छात्रों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आवासीय सुविधा और समग्र विकास के अवसर प्रदान करेंगे।

सूचना के अनुसार, वर्ष 2014 से पहले देश में केवल 123 एकलव्य विद्यालय थे, जबकि वर्तमान में इनकी संख्या बढ़कर 715 हो गई है, जिनमें से 313 निर्माणाधीन हैं। इन स्कूलों में लगभग 1 लाख 33 हजार आदिवासी विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
झारखंड में पहले मात्र 7 एकलव्य विद्यालय संचालित होते थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 91 हो गई है, जिनमें 39 विद्यालय निर्माणाधीन हैं।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सारंडा में 16 नवंबर की प्रस्तावित आर्थिक नाकेबंदी स्थगित

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सारंडा में 16 नवंबर की प्रस्तावित आर्थिक नाकेबंदी स्थगित

चाईबासा : सारंडा मामले पर सुप्रीम कोर्ट के महत्वपूर्ण फैसले के बाद 16 नवंबर को प्रस्तावित आर्थिक नाकेबंदी को स्थगित कर दिया गया है। इसकी जानकारी कोल्हान–पोड़ाहाट सारंडा बचाओ समिति के महासचिव बुधराम लागुरी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

उन्होंने बताया कि सारंडा के आदिवासी मूलवासी लंबे समय से विस्थापन का विरोध कर रहे थे। स्थानीय लोगों की मांग थी कि क्षेत्र में किसी भी विकास या खनन कार्य से पहले उनकी सहमति ली जाए और मौजूदा बस्तियों को न हटाया जाए। इस संबंध में समिति द्वारा सरकार और विभागों को कई बार ज्ञापन दिया गया था।

लागुरी ने कहा कि राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में स्पष्ट किया है कि सारंडा के मूलवासियों को विस्थापित नहीं किया जाएगा और उनकी आजीविका, परंपरा व सांस्कृतिक पहचान की रक्षा की जाएगी। सरकार के इस रुख को देखते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने सारंडा वासियों के हित में फैसला दिया है।

उन्होंने बताया कि कोर्ट के निर्णय के बाद समिति ने सर्वसम्मति से आर्थिक नाकेबंदी को स्थगित करने का फैसला किया है। इसे आदिवासी मूलवासियों के अधिकारों की बड़ी जीत बताया गया। लागुरी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और सुप्रीम कोर्ट के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों ने सारंडा वासियों की चिंताओं को समझते हुए न्यायपूर्ण निर्णय दिया। प्रेस वार्ता में समिति के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।

घाटशिला उपचुनाव जीत पर चाईबासा में झामुमो का जश्न, आतिशबाजी और लड्डू वितरण

घाटशिला उपचुनाव जीत पर चाईबासा में झामुमो का जश्न, आतिशबाजी और लड्डू वितरण

मंत्री दीपक बिरुआ को लापता बताने वाले लोग अब ख़ुद लापता हो गए हैं –  सोनाराम देवगम

चाईबासा : घाटशिला उपचुनाव में झामुमो की प्रचंड जीत पर कार्यकर्ताओं ने चाईबासा के तांबो चौक में लगभग दो घंटे तक आतिशबाजी की और लोगों के बीच लड्डू बांटकर विजय उत्सव मनाया।

इस अवसर पर झामुमो के जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम ने घाटशिला के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने जीत के लिए झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री दीपक बिरुआ, कल्पना सोरेन तथा गठबंधन दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

देवगम ने कहा कि घाटशिला के मतदाताओं ने भारी बहुमत देकर सोमेश सोरेन को जिताया है, जो दिशुम गुरु शिबू सोरेन और स्व. रामदास सोरेन को सच्ची श्रद्धांजलि है। साथ ही यह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों पर जनता का विश्वास भी दर्शाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए भाजपा ने चाईबासा में कुछ संगठनों के माध्यम से “नो एंट्री” आंदोलन खड़ा किया, लेकिन घाटशिला के जागरूक मतदाताओं ने इसे पूरी तरह नकार दिया। चुनाव खत्म होते ही यह मुद्दा ठंडे बस्ते में चला गया और आंदोलन करने वाले लोग भी गायब हो गए। मंत्री दीपक बिरुआ को लापता बताने वाले लोग भी अब खुद लापता हैं।

बीजेपी जिला कार्यालय में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत युवा–महिला मोर्चा का संयुक्त सम्मेलन आयोजित

बीजेपी जिला कार्यालय में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत युवा–महिला मोर्चा का संयुक्त सम्मेलन आयोजित

चाईबासा : भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत भाजपा युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा का संयुक्त सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बाड़कुंवर गागराई उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद वंदे मातरम का सामूहिक गान हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष दुर्गावती बोईपाई ने की।

सम्मेलन को भाजपा प्रदेश सदस्य सतीश पुरी, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, जवाहरलाल बानरा और प्रदेश प्रवक्ता जे. बी. तुबिद ने संबोधित किया।
अपने संबोधन में बाड़कुंवर गागराई ने कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनाने में महिलाओं और युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूह विभिन्न रोजगार गतिविधियों के माध्यम से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं। साथ ही कौशल विकास कार्यक्रम युवाओं को रोजगारोन्मुखी बना रहे हैं, जिससे मेक इन इंडिया और मेड इन इंडिया को बढ़ावा मिल रहा है।

कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष चंद्र मोहन तियू ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन राकेश पोद्दार ने दिया।
कार्यक्रम में प्रताप कटियार, गीता बालमुचू, राकेश बबलू शर्मा, मनोज लियंगी, चंद्र मोहन तियू, दुर्गावती बोईपाई, राजश्री बानरा, अमरेश प्रधान, आनंद श्यनम, तीरथ जमुदा, जय किशन विरुली, रानी बंदिया, रूपा दास, ब्रजमोहन चतोम्बा ,सुखमति बिरुवा ,मृदालू निषाद , लीबिया लागुरी , शत्रुघ्न हेंब्रम ,अभिजीत गागराई , सोनाराम गोप, हर्ष रवानी, सुमन गागराई ,जोंकों  सिंह कुन्टीया , मंगल सिंह हेंब्रम ,पंकज टोप्पो ,सुनीता सिन्कु , रविंद्र दास , रवीश लागुरी ,बिरसा तियु सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

तुरामडीह में यूसिल एसटी कर्मचारी संघ ने मनाई भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती

तुरामडीह में यूसिल एसटी कर्मचारी संघ ने मनाई भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती

जमशेदपुर : सुंदरनगर थाना अंतर्गत यूसिल तुरामडीह कॉलोनी में यूसिल अनुसूचित जनजाति कर्मचारी संघ, तुरामडीह इकाई की ओर से भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती न्यू सामुदायिक भवन, तुरामडीह में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संघ के महासचिव श्री दीपतेन्दु हांसदा उपस्थित थे।

इस अवसर पर बच्चों के लिए क्विज़ और ड्रॉइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।


क्विज़ प्रतियोगिता

प्रथम: समृद्धि हांसदा

द्वितीय: चूड़ामनी सोरेन

तृतीय: निहारिका महतो


ड्रॉइंग प्रतियोगिता (जूनियर ग्रुप)

प्रथम: आयुष्मान हांसदा

द्वितीय: राजदीप हांसदा

तृतीय: नैना पूर्ति


ड्रॉइंग प्रतियोगिता (सीनियर ग्रुप)

प्रथम: श्रेया हांसदा

द्वितीय: प्रकाश हांसदा

तृतीय: गोपीनाथ हांसदा


कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री सृजन टुडू, मंगल टुडू, मानिक चाँद मुर्मू, सुनील दिग्गी, लखन टुडू, कारा मुर्मू, दीपक हेमब्रोम, लखन मरडी, गोमा सरदार, गुरुचरण हांसदा, भरत लाल किस्कू, रिंचू मुर्मू और कारू मंडी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

घाटशिला उपचुनाव: भाजपा को बड़ी हार, हेमंत–कल्पना सोरेन की बढ़ी लोकप्रियता

घाटशिला उपचुनाव: भाजपा को बड़ी हार, हेमंत–कल्पना सोरेन की बढ़ी लोकप्रियता

घाटशिला : घाटशिला उपचुनाव में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी के बड़े दावे इस चुनाव में कमजोर साबित हुए। रिपोर्टों के अनुसार, आदिवासी समुदाय के बाद अब अन्य वर्गों में भी भाजपा के प्रति नाराज़गी देखी जा रही है। स्थानीय स्तर पर पार्टी नेताओं की ज़मीनी सक्रियता कम होने को भी हार की एक वजह माना जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, झारखंड भाजपा को बिहार जैसे अन्य राज्यों से संगठनात्मक मजबूती और जनाधार वाले नेताओं को आगे लाने का सबक लेना चाहिए। केवल हाई-प्रोफाइल राजनीति और आंतरिक गुटबाज़ी से चुनावी प्रदर्शन सुधरना मुश्किल माना जा रहा है।

उधर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन की लोकप्रियता में इस जीत के बाद और इज़ाफ़ा हुआ है। घाटशिला की जीत को राज्य सरकार के एक वर्ष के कामकाज पर मुहर के रूप में देखा जा रहा है। जनता ने दिवंगत रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए सोमेश सोरेन को बड़ी जीत दिलाई।

वरिष्ठ नेता चंपाई सोरेन की मेहनत की सराहना की जा रही है, हालांकि भाजपा की आंतरिक चुनौतियों को हार का प्रमुख कारण बताया जा रहा है।

नवनिर्वाचित विधायक सोमेश सोरेन को बधाइयाँ दी जा रही हैं। स्थानीय लोग उम्मीद जता रहे हैं कि वे रामदास सोरेन के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाते हुए घाटशिला के विकास को तेज़ गति देंगे।