सरायकेला_खरसावाँ : नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत मतदान प्रक्रिया की निगरानी और पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने के लिए समाहरणालय सभागार में बनाए गए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण सिंहभूम (कोल्हान) प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने किया।

निरीक्षण के दौरान अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार सहित जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

आयुक्त ने नगर निगम आदित्यपुर, नगर पंचायत सरायकेला और नगर परिषद कपाली में चल रही मतदान प्रक्रिया, मतदान प्रतिशत और विधि-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी निकायों से प्राप्त सूचनाओं का समय पर संकलन और सत्यापन किया जाए तथा मतदान प्रतिशत सहित जरूरी आंकड़े नियमित रूप से अपडेट कर उच्च अधिकारियों को भेजे जाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि विधि-व्यवस्था से जुड़ी सूचनाओं पर तुरंत समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष पूरी तरह सक्रिय और सतर्क रहे।




























