कोल्हान : पश्चिम सिंहभूम जिले के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र बिटकलसोया स्थित नवस्थापित कैंप जी/134 वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा 21 फरवरी 2026 को सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों के साथ जन-सहभागिता बढ़ाना था।

इस दौरान ग्रामीणों के बीच खेती से संबंधित सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुएं तथा स्कूली बच्चों के लिए फुटबॉल, स्टेशनरी और स्कूल बैग वितरित किए गए। महिलाओं को साड़ियां सहित अन्य आवश्यक सामान भी दिए गए।

कार्यक्रम 134 बटालियन के कमांडेंट त्रिलोकीनाथ सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। इसमें बिटकलसोया, काशिगड़ा और नयागांव के ग्रामीणों ने भाग लिया। क्षेत्र में पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया। उन्होंने सीआरपीएफ के जनहित कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम में जी/134 बटालियन के कंपनी कमांडर शेखर कुमार सिंह, निरीक्षक जीडी संजय कुमार राम, निरीक्षक जीडी सिद्धेश्वर कुमार सिंह सहित अन्य जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों के लिए चाय और भोजन की भी व्यवस्था की गई।
इस पहल से सुरक्षा बल और ग्रामीणों के बीच विश्वास और सहयोग को मजबूती मिली।




























