मनोरंजन

पंडरासाली गांव में गणतंत्र दिवस पर इंद्र पूजा, छाता मेला व फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन

पंडरासाली गांव में गणतंत्र दिवस पर इंद्र पूजा, छाता मेला व फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन

चाईबासा : मंझारी प्रखंड के पंडरासाली गांव में गणतंत्र दिवस के अवसर पर इंद्र पूजा सह छाता मेला एवं फुटबॉल खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मेले में आसपास के गांवों के साथ-साथ उड़ीसा क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कुल 15 टीमों ने भाग लिया। प्रत्येक टीम में 70 से 150 नृत्य कलाकार शामिल थे, जो दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री सह विधायक सरायकेला–खरसावां श्री चम्पाई सोरेन थे, हालांकि विशेष कारणों से वे कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष सरायकेला–खरसावां श्री सोनाराम बोदरा उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए श्री सोनाराम बोदरा ने कहा कि इस तरह के मेले हमारी लोक कला, संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में आदिवासी हो समाज सुपर आकड़ा पूरनापानी गांव को प्रथम पुरस्कार ₹20,000, जय जवान जय किसान युवक संघ तरना गांव (उड़ीसा) को द्वितीय पुरस्कार ₹15,000, संस्कृति क्लब भवन हरिगुटु चाईबासा को तृतीय पुरस्कार ₹10,000, जोमको जुड़ी बोडेसाईं गांव को चतुर्थ पुरस्कार ₹7,000, ताला माई आनदी सुसन रंगामटिया गांव को पांचवां पुरस्कार ₹5,000, निशा न्यू बॉयज क्लब बलियाडिपा गांव को छठा पुरस्कार ₹3,000 प्रदान किया गया। अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में ₹2,000 दिए गए।
फुटबॉल प्रतियोगिता में जयराम एफसी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹50,000, तुरमसाईं एफसी ने द्वितीय स्थान पर ₹30,000, किनाबसा ने तृतीय स्थान पर ₹15,000 तथा एडीमसाईं ने चतुर्थ स्थान पर ₹10,000 का पुरस्कार प्राप्त किया।
पुरस्कार वितरण जिला परिषद अध्यक्ष श्री सोनाराम बोदरा, ऑल इंडिया हो लैंग्वेज एक्शन कमेटी झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष श्री सावन सोय, समाजसेवी अमन हांसदा एवं सोनाराम गगराई के हाथों किया गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में ए.एन.एफ.सी. पंडरासाली के संरक्षक श्री सावन सोय, अध्यक्ष विकास बिरुआ, सचिव साधु चरण बिरुआ, उपसचिव रवि बिरुआ, कोषाध्यक्ष अंकुरा बिरुआ, मुंडा घनश्याम बिरुआ, डकुआ पीताम्बर कालिंदी , श्री बैजनाथ बिरुआ , तुराम बिरुआ ,धर्मेंद्र गोप, कल्पना बिरुआ ,ललिता बोदरा, बासमती बिरुआ, कृष्णा कालिंदी,  एवं हजारों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे ।

चक्रधरपुर में 29वां ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट 28 जनवरी से

चक्रधरपुर में 29वां ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट 28 जनवरी से

चक्रधरपुर : चक्रधरपुर रेलवे क्षेत्र स्थित सेरसा इकबाल सिंह संधू स्टेडियम में 29वें ऑल इंडिया स्टील एक्सप्रेस फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 का आयोजन किया जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 28 जनवरी से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 10 फरवरी को खेला जाएगा। लंबे अंतराल के बाद हो रहे इस आयोजन को लेकर शहर में खासा उत्साह है।

मंगलवार को चक्रधरपुर रेलवे मंडल के मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस वर्ष यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट अपने 50वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। कोरोना काल के कारण करीब सात वर्षों के बाद इसका पुनः आयोजन किया जा रहा है।

टूर्नामेंट में देशभर की कुल 14 टीमें भाग लेंगी, जिनमें टाटा मोटर्स, सेल बोकारो, पैरलैस कोलकाता, अल्फा मुंबई, गढ़वाल, रेलवे खड़गपुर, रेलवे चक्रधरपुर और रेलवे पोड़ाहाट सहित अन्य टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीम को एक लाख रुपये और उपविजेता टीम को 75 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

दर्शकों की सुविधा के लिए गैलरी और वीआईपी सीटों की व्यवस्था की गई है। लीग मैचों में गैलरी का टिकट 50 रुपये और वीआईपी सीट का 100 रुपये रखा गया है। सेमीफाइनल में गैलरी के लिए 70 रुपये और वीआईपी के लिए 150 रुपये, जबकि फाइनल मैच में गैलरी का टिकट 100 रुपये और वीआईपी सीट का 200 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा मैदान के बाहर स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए सेरसा प्रबंधन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। स्टेडियम के मैदान का मेंटेनेंस कार्य जारी है और मैदान तक पहुंचने वाले मार्ग की मरम्मत भी कराई जा रही है। आयोजन के माध्यम से चक्रधरपुर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल का साक्षी बनेगा।

स्वामी विवेकानंद जयंती पर सरस्वती शिशु मंदिर सरायकेला में खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित

स्वामी विवेकानंद जयंती पर सरस्वती शिशु मंदिर सरायकेला में खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित

सरायकेला : सरस्वती शिशु मंदिर उच्च विद्यालय, सरायकेला में सोमवार को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर कक्षा अरुण से नवम तक के भैया-बहनों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा अरुण से तृतीय तक के विद्यार्थियों के बीच बिस्किट दौड़, गुब्बारा फोड़, मेमोरी जांच, चम्मच दौड़, सुई-धागा दौड़ एवं उल्टा दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं कक्षा चतुर्थ से नवम तक के भैयाओं के लिए 100 मीटर दौड़, मेंढक दौड़, तीन पैर दौड़, स्लो साइकिल रेस एवं मैथ रेस का आयोजन हुआ। इसी वर्ग की बहनों के बीच 100 मीटर दौड़, चम्मच दौड़, सुई-धागा दौड़, मेंढक दौड़, तीन पैर दौड़, मैथ रेस एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता कराई गई।

सभी विद्यार्थियों ने खेलों में पूरे उत्साह और लगन के साथ भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य पार्थ सारथी आचार्य ने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण अंग है, जिससे शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है और हम स्वस्थ रहते हैं। इसी उद्देश्य से विद्यालय में समय-समय पर खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है।

प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य तुषार कांत पति सहित सभी आचार्य-दीदी उपस्थित रहीं।

भारत ने पहले वनडे मैच में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया

भारत ने पहले वनडे मैच में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया

गुजरात : वडोदरा के कोटांबी बीसीए स्टेडियम में खेले गए तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर सीरीज में 1‑0 की बढ़त बना ली। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 300/8 का सम्मानजनक स्कोर बनाया, जिसमें डेरिल मिचेल ने 84, हेनरी निकल्स ने 62 और डेवोन कॉन्वे ने 56 रन बनाए।
जवाब में भारत ने 49 ओवरों में 306/6 रन बनाकर लक्ष्य हासिल किया। विराट कोहली ने 91 गेंदों में 93 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल था, और उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया। कप्तान शुबमन गिल ने 56 रन और श्रेयस अय्यर ने 49 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। केएल राहुल ने नाबाद 29 रन की पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई।
भारतीय गेंदबाजों में हर्षित राणा (2/65), मोहम्मद सिराज (2/40) और प्रसिद्ध कृष्णा (2/60) ने अच्छी गेंदबाजी की। वहीं न्यूजीलैंड के काइल जैमीसन ने 4/41 के बेहतरीन आंकड़े बने।
यह मैच भारत के लिए साल 2026 की पहली वनडे जीत है और दर्शकों ने स्टेडियम में रोमांचक मुकाबले का भरपूर आनंद लिया।

सरायकेला में जय मां पाउड़ी नाट्यअनुष्ठान का नववर्ष मिलन समारोह आयोजित

सरायकेला में जय मां पाउड़ी नाट्यअनुष्ठान का नववर्ष मिलन समारोह आयोजित

सरायकेला : सरायकेला स्थित जय मां पाउड़ी नाट्यअनुष्ठान के कलाकारों द्वारा नववर्ष के अवसर पर नया साल मिलन समारोह एवं रात्रि भोज का आयोजन किया गया। इस मौके पर संस्था से जुड़े कलाकारों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और आने वाले वर्ष में सांस्कृतिक गतिविधियों को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

मिलन समारोह के दौरान आगामी मार्च माह में प्रस्तावित ओड़िया नाटक के मंचन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। नाटक के विषय, प्रस्तुति शैली, मंच सज्जा और अभ्यास कार्यक्रम पर कलाकारों ने अपने सुझाव रखे। सभी ने मिलकर उत्कृष्ट और प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति देने का निर्णय लिया।

कार्यक्रम का मार्गदर्शन निर्देशक श्री नीलकंठ सड़ंगी ने किया। इस अवसर पर शशांक कुमार साथुआ, सोनू आचार्य, चंदन साहू, मनबोध दारोघा, टिंकू साहू, बबलू साथुआ, मुकेश साहू, तापस साहू, अशोक साहू, राजेश दारोघा, मनोरंजन दारोघा, किशोर सड़ंगी, तापस मोदक, अगस्ती बारीक, राखोहरी रजक एवं सुमित पति सहित सभी कलाकार उपस्थित रहे।

बंदगांव में दो दिवसीय नववर्ष खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

बंदगांव में दो दिवसीय नववर्ष खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन

बंदगांव : बंदगांव प्रखंड के मतकमबेड़ा मैदान में नववर्ष 2026 के अवसर पर दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन पहले दिन मुख्य अतिथि मुखिया कुश पूर्ति एवं सुमिता होता फाउंडेशन के अध्यक्ष सदानंद होता ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के पहले दिन बच्चों की दौड़, छोटी बच्चियों की दौड़, बोरा दौड़, बड़ी लड़कियों की दौड़, तीन पैर दौड़, लड़कियों व लड़कों की रिले रेस, बुजुर्गों की दौड़, जीके रेस, युवाओं की दौड़ तथा साइकिल रेस का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताओं का फाइनल शुक्रवार को होगा।

इस अवसर पर मुखिया कुश पूर्ति और सदानंद होता ने कहा कि खेलों से लोगों का मानसिक विकास होता है। गांव में इस तरह की प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है।

कार्यक्रम में अगस्त बोदरा, राजेश प्रधान, चंद मोहन बांकिरा, सादो बोदरा, ग्राम मुंडा कजुरा बोदरा सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का पहला गाना जल्द होगा रिलीज, 1997 के आइकॉनिक गीत का है नया संस्करण

फिल्म ‘बॉर्डर 2’ का पहला गाना जल्द होगा रिलीज, 1997 के आइकॉनिक गीत का है नया संस्करण

मुंबई : सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी और वरुण धवन अभिनीत फिल्म ‘बॉर्डर 2’ वर्ष 2026 में रिलीज होने जा रही है। फिल्म के पहले गाने ‘घर कब आओगे’ का टीज़र जारी कर दिया गया है। गाने का पूरा संस्करण 2 जनवरी 2026 को रिलीज किया जाएगा।

यह गीत वर्ष 1997 में प्रदर्शित फिल्म ‘बॉर्डर’ के लोकप्रिय और भावनात्मक गीत ‘संदेशे आते हैं’ का रीमेक है। नया गीत पुराने भावों को बनाए रखते हुए आधुनिक संगीत के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।

‘संदेशे आते हैं’ भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार देशभक्ति गीतों में शामिल है। यह गीत सीमा पर तैनात सैनिकों के संघर्ष, उनके परिवार की भावनाओं और देश के प्रति समर्पण को दर्शाता है। बताया जाता है कि इस गीत को संगीतकार अनु मलिक ने अपने जीवन के कठिन दौर में अत्यंत भावुक अवस्था में कंपोज किया था। अब इसी गीत को नई पीढ़ी के लिए ‘बॉर्डर 2’ में नए अंदाज़ में पेश किया जा रहा है।

सिकुरसाई में स्प्राउट्स चाइल्ड ग्रूमिंग सेंटर का वार्षिक खेलकूद समारोह संपन्न

सिकुरसाई में स्प्राउट्स चाइल्ड ग्रूमिंग सेंटर का वार्षिक खेलकूद समारोह संपन्न

चाईबासा : सिकुरसाई स्थित गौशाला मैदान में 14 दिसंबर 2025 को स्प्राउट्स चाइल्ड ग्रूमिंग सेंटर द्वारा वार्षिक खेलकूद समारोह का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्साह, अनुशासन और खेल भावना से भरपूर रहा। केंद्र के बच्चों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी शारीरिक क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का प्रदर्शन किया।

समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य श्री माधव चंद्र कुंकल ने किया। विशेष अतिथि के रूप में ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. आशीष कुमार जारिका एवं डॉ. अमन बिरुली उपस्थित रहे। अतिथियों की उपस्थिति से बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों में उत्साह देखा गया।

खेलकूद समारोह में विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों के लिए दौड़, फील्ड इवेंट्स और मनोरंजक खेल आयोजित किए गए। कई बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त किए। बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्य अतिथि श्री माधव चंद्र कुंकल ने अपने संबोधन में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। उन्होंने अभिभावकों की खेल प्रतियोगिता में स्वयं भाग लेकर पुरस्कार भी जीता और प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का समापन स्प्राउट्स चाइल्ड ग्रूमिंग सेंटर के निदेशक श्री दीपक तुबिद के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

यह वार्षिक खेलकूद समारोह बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनके शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास के प्रति केंद्र की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

चाईबासा में आयोजित हुई कोल्हान हो वॉयस प्रतियोगिता

चाईबासा में आयोजित हुई कोल्हान हो वॉयस प्रतियोगिता

पश्चिमी सिंहभूम : चाईबासा स्थित आदिवासी हो समाज महासभा कला संस्कृति भवन, हरिगुटू में कोल्हान हो वॉयस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम यूनिटेड म्यूजिकल ग्रुप, सरायकेला-खरसावां के द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें कोल्हान हो फिल्म एसोसिएशन, सागोम ट्रस्ट और ट्राइबल चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, चाईबासा का सहयोग रहा।

प्रतियोगिता में 46 प्रतिभागियों ने भाग लिया और हो एवं हिंदी गानों का ऑडिशन लिया गया। यूनिटेड म्यूजिकल ग्रुप के डायरेक्टर अनिल सोरेन ने बताया कि इस ऑडिशन का उद्देश्य उभरते गायकों को मंच प्रदान करना और उनके टैलेंट को परखना है।

कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीपीओ समीर सार्वैया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि युवा कलाकार संगीत क्षेत्र में अपना करियर बना सकते हैं और ऐसे आयोजनों से उन्हें आगे बढ़ने का मौका मिलता है।

प्रतियोगिता में गानों का मूल्यांकन करने के लिए चार सदस्यीय चयन समिति बनाई गई, जिसमें जावेद अख्तर, संजय जारिका, लाखिन्दर और बहल मुंडा शामिल थे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्याम कुदादा ने किया। प्रतिभागियों के परिणाम 21 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

रीडिंग पंचायत में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न — विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबल

रीडिंग पंचायत में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न — विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबल

खरसावां : खरसावां प्रखंड के रीडिंग पंचायत अंतर्गत सरना क्लब प्रधानगोडा एवं डीपासाई की पहल पर दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में खरसावां विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक माननीय श्री दशरथ गागराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

विधायक गागराई ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल को सदैव शांतिपूर्ण और खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। साथ ही उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेकर खेल के क्षेत्र में अपने लक्ष्य तक पहुंचने का संकल्प लें।

समारोह में समाजसेवी बासंती गागराई, जिला परिषद सदस्य भाग-2 कालीचरण मुंडा, कांग्रेस प्रदेश सचिव सह सांसद प्रतिनिधि छोटराय किस्कू, विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, महिला मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष लक्ष्मी तांती, लालन तिवारी, राजेश दालबेहरा और रघुनाथ गोप समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।