चाईबासा | झारखंड आंदोलन के अग्रणी योद्धा एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय बागुन सुम्बरुई की पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके संघर्षमय जीवन, जनसेवा और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण को स्मरण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि स्वर्गीय बागुन सुम्बरुई केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि झारखंडी अस्मिता, आदिवासी स्वाभिमान और जनसंघर्ष की सशक्त आवाज थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी अधिकारों के संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा कि बागुन सुम्बरुई किसानों, मजदूरों, वंचितों और शोषितों की आवाज बनकर हमेशा संघर्षरत रहे। संसद से लेकर सड़क तक उन्होंने झारखंड और विशेषकर कोल्हान क्षेत्र की समस्याओं को मजबूती के साथ उठाया। झारखंड आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने तथा आदिवासी समाज को राजनीतिक, सामाजिक और संवैधानिक अधिकार दिलाने में उनका योगदान ऐतिहासिक और अविस्मरणीय रहा है।

त्रिशानु राय ने कहा कि स्वर्गीय सुम्बरुई का सादा जीवन, स्पष्ट विचार और जनता के प्रति समर्पण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्श और संघर्ष समाज को सदैव दिशा देते रहेंगे।

इस अवसर पर कांग्रेस के सोशल मीडिया जिला चेयरमैन रवि कच्छप, विक्रमादित्य सुंडी, अजय कुमार, बिक्रम बिरुली, मो. इस्लाम, विजय जारिका, शिव दास, सूरज नायक, सुशील दास सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।


